डूंगरपुर के खड़गदा में मंडल स्तरीय विराट हिंदू सम्मेलन शुक्रवार को संपन्न हुआ। यह सम्मेलन गांव के गोवर्धन विद्या विहार खेल मैदान में आयोजित किया गया था। सम्मेलन से पूर्व गांव में एक भव्य कलश यात्रा निकाली गई। यह कलश यात्रा ग्वाल चौक, होली चौक, नवरात्र चौक, लक्ष्मण मंदिर से होते हुए भटमेवाड़ा मोहल्ला होकर सभा स्थल पर पहुंची। सामाजिक समरसता के वाहक कमलेश भाई शास्त्री ने समाज और परिवार स्तर पर सामाजिक समरसता की आवश्यकता पर जोर दिया। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत प्रचारक मुरली भाई ने हिंदू समाज से एकजुट होकर धर्म और संस्कृति की रक्षा का आह्वान किया। सम्मेलन की पूर्व संध्या पर खड़गदा, घोटाद और सुरजगांव सहित आसपास के गांवों में एक वाहन रैली का आयोजन किया गया था, जिसमें बड़ी संख्या में युवाओं और ग्रामीणों ने भाग लिया। धर्मसभा में क्षेत्र की धुणियों, मठों और मंदिरों से आए संत-महंतों का स्वागत-सम्मान किया गया। इस कार्यक्रम में खड़गदा के साथ-साथ घोटाद, सुरजगांव, पंचवटी, काशीपुरी और लक्ष्मणपुरा के गणमान्य नागरिक एवं समाजसेवी उपस्थित रहे। आयोजकों ने बताया कि सम्मेलन में धर्म, संस्कृति और सामाजिक समरसता जैसे विषयों पर विचार-विमर्श किया गया।


