हिड़मा-देवा जैसे नक्सलियों को घेरने ऑपरेशन:छत्तीसगढ़- तेलंगाना बॉर्डर पर 4 हजार जवानों ने 150 नक्सलियों को घेरा

छत्तीसगढ़-तेलंगाना सीमा पर बुधवार को फोर्स ने अब तक का बड़ा ऑपरेशन शुरू किया है। दोनों राज्यों के तकरीबन 4 हजार से अधिक जवानों ने हिड़मा, देवा समेत कई बड़े नक्सली लीडर और उनकी बटालियन को घेर दिया है। इसमें 150 नक्सलियों होने की सूचना है। यह ऑपरेशन 12 घंटे से भी अधिक समय से चल रहा है। दोनों ओर से रुक-रुककर गोलीबारी हो रही है। जानकारी के अनुसार छत्तीसगढ़ तेलंगाना सीमा के वेंकटपुरम मंडल में वीरभद्रराम, तडापला निच्चेना और वाजेदु मंडल में मोरुमुरु के वन क्षेत्रों को घेरकर ऑपरेशन चलाया जा रहा है। ऑपरेशन में छत्तीसगढ़ और तेलंगाना दोनों राज्यों की फोर्स शामिल है। फोर्स जंगल में घुसती जा रही है। नक्सली संगठन के पीएलजीए और बटालियन नंबर-1 के कई बड़े नक्सली नेता फोर्स से घिरे हुए हैं। बताया जा रहा है कि इनमें हिड़मा, देवा, सहदेव और केशव भी शामिल हैं। फोर्स की मदद के लिए हेलिकॉप्टर से पानी-खाना भेजा जा रहा है। हालांकि अब तक कितने नक्सली मारे गए हैं, इसकी जानकारी नहीं आई है। उम्मीद है कि गुरुवार को इस बारे में विस्तृत जानकारी जारी की जाएगी। बता दें कि बस्तर में नक्सलियों के खिलाफ लगातार ऑपरेशन चल रहे हैं। हाल ही में जवानों ने 30 नक्सलियों को मार गिराया था।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *