भास्कर न्यूज | कोतबा पत्थलगांव जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत राजा आमा में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत निर्माणाधीन मकानों का निरीक्षण करने जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय पहुंचे। निरीक्षण के दौरान उन्होंने हितग्राहियों से चर्चा कर योजना की प्रगति और समस्याओं की जानकारी ली। सालिक साय ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना से गांवों में गरीबों को पक्का मकान मिल रहा है, जिससे उनका जीवन स्तर सुधर रहा है। उन्होंने प्रदेश में डबल इंजन की सरकार की प्रशंसा करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में गांव-गांव तक सुशासन पहुंच रहा है। जिला पंचायत अध्यक्ष ने बताया कि मुख्यमंत्री बनते ही विष्णु देव साय ने प्रधानमंत्री आवास योजना को सर्वोच्च प्राथमिकता दी और आठ लाख से ज्यादा लोगों को आवास की त्वरित स्वीकृति दिलाई, जिससे निर्माण कार्य में तेजी आई है। उन्होंने पीएम आवास की पूर्णता, स्वीकृति, आवास प्लस सर्वे और हितग्राहियों के भुगतान आदि की जानकारी अधिकारियों से ली। हितग्राहियों से बातचीत के दौरान उन्होंने आवास शीघ्र पूर्ण करने के लिए प्रोत्साहित किया और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता व समयसीमा पर विशेष जोर दिया। हितग्राहियों के मिस्त्री की समस्या के समाधान के लिए एसडीओ और तकनीकी सहायक को निर्देशित किया गया। आवास प्लस के तहत चल रहे सर्वे के लिए निर्देश दिया गया कि सभी पात्र परिवारों का सर्वे पूरा होने के बाद पीएम आवास का निर्माण तेज गति से किया जाए। जिले में बड़ी संख्या में आवास स्वीकृत हुए हैं, जिन्हें समय पर पूर्ण करना राज्य का लक्ष्य है। किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि हितग्राही द्वारा कार्य कर लिया जाता है तो उनकी अगली किस्त का भुगतान तत्काल जारी किया जाए। अभिसरण से मिलने वाली 90 मानव दिवस की मजदूरी राशि भी हितग्राहियों को निर्माण के आधार पर प्रदान की जाए। बैंकों से समन्वय कर राशि शीघ्र प्राप्त होने की व्यवस्था की जाए। साथ ही हितग्राहियों के आवासों में मार्गदर्शिका अनुसार लोगो लगाने के निर्देश भी दिए गए। चौपाल के माध्यम से एक-एक हितग्राही और वार्ड पंचों से आवास निर्माण को लेकर चर्चा की गई। इस दौरे में पीएम आवास के जिला समन्वयक, एसडीओ आरईइस, पीओ मनरेगा, तकनीकी सहायक, सरपंच, अन्य कर्मचारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।


