हिन्दी भाषा की परंपरा अत्यंत समृद्ध, इसे बनाए रखना जरूरी

भास्कर न्यूज | सिमडेगा वनवासी कल्याण केंद्र झारखण्ड की शैक्षिक इकाई श्रीहरि वनवासी विकास समिति झारखण्ड की ओर से संचालित सरस्वती शिशु विद्या मंदिर सलडेगा में रविवार को हिन्दी दिवस को वाचन दिवस के रूप में मनाया गया। इस अवसर पर भैया-बहनों ने हिन्दी की विभिन्न पाठ्य पुस्तकों का स्वाध्याय किया ।कार्यक्रम का शुभारम्भ कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राष्ट्र स्वयंसेवक संघ के विभाग प्रचारक शमी जी, विशिष्ट अतिथि सलडेगा संकुल के संकुल प्रमुख संतोष दास , विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्य मुरारी प्रसाद तथा विद्यालय के प्रधानाचार्य जितेंद्र कुमार पाठक ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्जवलित कर तथा पुष्पार्चन कर किया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि शमी जी ने हिन्दी के पठन-पाठन को आवश्यक बताते हुए कहा की हमें अपनी मातृभाषा हिन्दी पर गर्व है। विशिष्ट संतोष दास ने भी उपस्थित भैया बहनों को संबोधित करते हुए कहा की हिन्दी भाषा की परंपरा अत्यंत समृद्ध है इसे बनाए रखने की आवश्यकता है। उपस्थित भैया बहनों को संबोधित करते हुए मुरारी प्रसाद एवं प्रधानाचार्य जितेंद्र कुमार पाठक ने कहा कि वनवासी कल्याण केंद्र द्वारा हिन्दी दिवस को वाचन दिवस के रूप में मानना एक विशेष और अनूठा प्रयोग है । इसे अपनाते हुए हमें सदैव वाचन पर विशेष बल देना चाहिए ।कार्यक्रम के अवसर पर भैया-बहनों तथा आचार्य-आचार्यायों ने भी हिन्दी के महत्व पर प्रकाश डाला । सभी ने एक स्वर में कहा कि हिन्दी सबसे प्यारी भाषा है इसका ज्ञान हम सभी को अनिवार्य रूप से होना चाहिए। कार्यक्रम के शुभ अवसर पर भैया-बहन तथा आचार्य परिवार सहित सभी अतिथियों ने एक-एक पुस्तक का स्वाध्याय किया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *