हिमाचल के 27 शहरों का तापमान 10° से नीचे:बिना बारिश-बर्फबारी के बढ़ी ठंड; अधिकतम तापमान भी लुढ़का, 28 तक साफ रहेगा मौसम

हिमाचल प्रदेश में बिना बारिश-बर्फबारी के ही कड़ाके की सर्दी पड़नी शुरू हो गई है। प्रदेश के 12 शहरों का रात का तापमान 5 डिग्री सेल्सियस से नीचे, 27 जगह 10 डिग्री से कम और 4 कस्बों का न्यूनतम तापमान माइनस में चला गया है। बीते 24 घंटे में प्रदेश का अधिकतम तापमान भी 1.4 डिग्री कम हुआ है। प्रदेश का औसत न्यूनतम तापमान भी नॉर्मल से 0.9 डिग्री नीचे गिर गया है। कई शहरों का पारा सामान्य से 4 डिग्री तक नीचे गिर चुका है। पालमपुर के तापमान में नॉर्मल की तुलना में सबसे ज्यादा 4.0 डिग्री की गिरावट आने के बाद यहां का न्यूनतम तापमान 4.5 डिग्री सेल्सियस रह गया है। इन शहरों में माइनस में तापमान लाहौल स्पीति के ताबों का पारा माइनस (-6.6) डिग्री, कुकुमसैरी का माइनस (-3.8), केलांग का माइनस (-4.0) और कल्पा का माइनस (-1.0) डिग्री सेल्सियस रह गया है। शिमला से ठंड हुए मैदानी इलाके शिमला की तुलना में हमीरपुर, पालमपुर, सोलन और मनाली में ज्यादा ठंड पड़ रही है। शिमला का न्यूनतम तापमान बीती रात को 7.0 डिग्री रिकॉर्ड किया गया, जबकि सुंदरनगर का पारा 5.0 डिग्री, कुल्लू के भुंतर का 4.0 डिग्री, पालमपुर का 4.5 डिग्री, कांगड़ा का 6.7 डिग्री, हमीरपुर का 6.2 डिग्री, सोलन का 4.6 डिग्री और मनाली 2.1 डिग्री दर्ज किया गया। 2 जिलों में छाया कोहरा वहीं मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक मंडी की बल्ह घाटी और बिलासपुर के भाखड़ा बांध के आसपास के क्षेत्रों में सुबह 10 बजे तक कोहरा छाया रहा। इससे विजिबिलिटी 200 मीटर तक कम हो गई। प्रदेश में नवंबर में सामान्य से 90 प्रतिशत कम बारिश प्रदेश में नवंबर महीने में सामान्य से 90 प्रतिशत कम बारिश हुई है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार, एक से 22 अक्टूबर तक 12.2 मिलीमीटर सामान्य बारिश होती है, लेकिन इस बार 1.2 मिलीमीटर वर्षा हुई है। अगले छह दिन भी बारिश-बर्फबारी के आसार नहीं है। प्रदेश में 28 नवंबर तक मौसम पूरी तरह साफ रहेगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *