हिमाचल कैबिनेट की मुख्यमंत्री सुखविंदर सुक्खू की अध्यक्षता में सोमवार को संपन्न मीटिंग में 1000 पशु मित्रों (मल्टी टॉस्क वर्कर) की भर्ती को मंजूरी प्रदान की गई। कैबिनेट फैसले की जानकारी देते हुए इंडस्ट्री मिनिस्टर हर्षवर्धन चौहान ने कहा, पशुपालकों की आय में कैसे वृद्धि हो, पशुधन को कैसे बढ़ावा दिया जाए, इसी मकसद से आज ‘पशु मित्र पॉलिसी 2025’ को कैबिनेट ने मंजूरी दी है। हर्षवर्धन ने कहा, जिन वेटनरी में क्लास-फोर के पद खाली हैं, वहां पशु मित्र रखे जाएंगे। स्वास्थ्य विभाग में आउटसोर्स आधार पर सेवाएं दे रहे ऑपरेशन थिएटर असिस्टेंट (OTA) और रेडियोग्राफर का मानदेय बढ़ाकर 25 हजार रुपए प्रतिमाह कर दिया है। ये लोग लंबे समय से मानदेय बढ़ाने की मांग कर रहे थे। कैबिनेट ने इनकी सेवाओं को देखते हुए यह फैसला लिया है। अभी OTA को 17 हजार 820 रुपए और रेडियोग्राफर को 13 हजार 100 रुपए मानदेय मिल रहा है। अब गौ-सदन में प्रति पशु 1200 रुपए मिलेंगे हर्षवर्धन चौहान ने कहा, गौशालाओं में अभी प्रति पशु 700 रुपए दिए जाते है। यह कम राशि है। गौ-सदन संचालकों की मांग पर कैबिनेट ने प्रति पशु 1200 रुपए अनुदान देने को मंजूरी प्रदान की है। इस पर लगभग 27 करोड़ रुपए खर्च होंगे। 100 सेकेंडरी स्कूलों में खुलेगी लाइब्रेरी कैबिनेट ने शिक्षा विभाग के प्रस्ताव पर 100 सीनियर सेकेंडरी स्कूलों में लाइब्रेरी खोलने को मंजूरी प्रदान की। 300 से अधिक छात्र संख्या वाले स्कूलों में जूनियर ऑफिस असिस्टेंट लाइब्रेरियन रखने का निर्णय लिया गया है। प्रदेश में 20 हजार से ज्यादा युवाओं ने लाइब्रेरी का कोर्स कर रखा है। ऐसे युवाओं का लाइब्रेरियन बनने का सपने पूरा हो सकेगा। PWD का डिजाइन विंग सिविल विंग में मर्ज कैबिनेट ने PWD के डिजाइन विंग को सिविल विंग में मर्ज करने की मंजूरी प्रदान की। हर्ष वर्धन चौहान ने कहा कि दोनों कैटेगरी के कर्मचारियों ने इसमें सहमति जताई है। राजस्व विभाग में 25 पद सृजित पटवारी-कानूनगो का स्टेट कैडर कर दिया गया। इसकी फंक्शनिंग के लिए राजस्व निदेशालय में 10 पद सीनियर असिस्टेंट और 15 JOA आईटी के भरने को मंजूरी प्रदान की। राज्य चयन आयोग में एक पद प्रोग्राम का भी भरने का निर्णय लिया गया। पशु औषधालय सराहन का नाम बागा सराहन किया गया। तारादेवी में निर्माण पर पूरी तरह पाबंदी शिमला डेवलपमेंट प्लान में राजधानी के साथ लगते तारादेवी (बाइपास से ऊपर) को एरिया ग्रीन एरिया बनाने का निर्णय लिया गया। इसकी नोटिफिकेशन के बाद तारादेवी ग्रीन एरिया में निर्माण पर पूरी तरह प्रतिबंध लग जाएगी। TCP (नगर एवं ग्राम नियोजन विभाग) के नियमों में भी संशोधन किया गया है। शिमला नगर निगम एरिया में नेशनल हाईवे साइड वैली साइड में निर्माण नहीं होगा। वैली साइड में जो भी कंस्ट्रक्शन होगी वो सड़क से एक मीटर डाउन करनी होगी, ताकि सड़क किनारे का व्यू बना रहे। 200 युवाओं को इलेक्ट्रिक टैक्सी हर्षवर्धन चौहान ने कहा, राजीव गांधी स्वरोजगार स्टार्टअप योजना के तहत कैबिनेट ने गाइडलाइन को मंजूरी प्रदान की, जिसके तहत युवाओं को इलेक्ट्रिक टैक्सी पर 50 प्रतिशत सब्सिडी राज्य सरकार दे रही है। उन्होंने कहा कि इस योजना के तहत कैबिनेट ने 200 से 300 नई गाड़ियां बेरोजगार युवाओं को देने का निर्णय लिया है। हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि आर्थिक स्थिति में सुधार के लिए कैबिनेट सब कमेटी की सिफारिशों पर आज भी चर्चा नहीं हो पाई। उन्होंने कहा, आने वाली कैबिनेट में इस पर चर्चा हो सकती है।


