हिमाचल ने पंजाब-जम्मू की बस सेवाएं रोकी:वैष्णो देवी के लिए निकलीं बसें नहीं जाएंगी कटरा; भारत-पाक में तनाव को लेकर फैसला

पाकिस्तान की तरफ से लगातार हो रहे हवाई हमलों के कारण हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन निगम (HRTC) ने रात को जम्मू और पंजाब जाने वाली अपनी सभी बसों को रोक दिया है। जिसके तहत हिमाचल से अब पठानकोट, अमृतसर, जालंधर और जम्मू के लिए रात के समय बसें नहीं चलेंगी। हिमाचल प्रदेश से इन रूटों पर करीब 20 से 25 बसें जाती हैं। हालांकि दोपहर के समय बस सेवा सामान्य दिनों की तरह ही चलेंगी। इसके साथ ही माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए कटरा जाने वाली बसें भी अब सिर्फ जेसुर तक ही जाएंगी। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे अपनी यात्रा की योजना इसी के अनुसार बनाएं। MD निपुण जिंदल ने की पुष्टि
एचआरटीसी MD निपुण जिंदल ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि यह कदम क्षेत्र में मौजूदा स्थिति को देखते हुए यात्रियों की सुरक्षा को लेकर उठाया गया है। बस सेवाओं के पुनः शुरू होने की जानकारी जल्द ही यात्रियों को दी जाएगी। रात्रि रूटों पर ही रोक क्यों लगाई गई है?
हालिया घटनाओं को देखें तो पाकिस्तान ने भारत के कई शहरों पर रात के अंधेरे में ही ड्रोन या फिर मिसाइल अटैक किया है। ऐसे में HRTC ने पाकिस्तान के बॉर्डर से लगे राज्यों के कई रूटों पर बसों के संचालन पर रोक लगा दी है। यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया है। जेसुर तक ही क्यों जा रही बसें ?
जेसुर हिमाचल प्रदेश का ही एक कस्बा है, जो पंजाब के पठानकोट से करीब 25-30 किलोमीटर पहले है। मगर, अंतरराष्ट्रीय सीमा से ये काफी दूरी पर है। ऐसे में सावधानी के तौर पर रात को जेसुर तक ही बसें ले जाने का निर्णय लिया गया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *