हिमाचल में अटल टनल में एवलांच गिरा:गाड़ी बाल-बाल बची, किन्नौर व लाहौल स्पीति में हिमस्खलन की चेतावनी, शिमला में बारिश

हिमाचल प्रदेश के लाहौल स्पीति जिला में आज दोपहर के वक्त दो जगह एवलांच गिरे। अटल टनल के साउथ पोर्टल पर एवलांच में आधी गाड़ी दब गई। गनीमत यह रही कि एवलांच गिरते ही ड्राइवर गाड़ी छोड़कर भागने में कामयाब रहा। इससे कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। BRO के कर्मचारी बर्फ में दबी गाड़ी को काफी देर की मशक्कत के बाद निकाला। इस बीच, किन्नौर और लाहौल स्पीति जिला में एवलांज गिरने की चेतावनी जारी की गई है। ऐसे में टूरिस्ट सहित लोकल लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। मौसम विभाग ने ताजा बुलेटिन जारी कर चंबा, कुल्लू लाहौल स्पीति व किन्नौर जिला में हल्की बर्फबारी और शिमला, मंडी व कांगड़ा में कुछ जगह बारिश के साथ 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तूफान चलने का अलर्ट जारी किया है। शिमला में दोपहर 3 बजे के बाद आधा घंटे तक बारिश हुई। सुबह के वक्त किन्नौर और लाहौल स्पीति जिला की ऊंची चोटियों पर ताजा बर्फबारी हुई। मनाली में सुबह अच्छी बारिश हुई, जबकि मैदानी इलाकों में घना कोहरा छाया। इससे बिलासपुर शहर और भाखड़ा बांध के आसपास बिजिबिलिटी 50 मीटर से भी नीचे गिर गई। कल-परसो साफ रहेगा मौसम मौसम विभाग की माने तो कल व परसों पूरे प्रदेश में धूप खिलेगी, लेकिन 6 फरवरी को फिर से अधिक ऊंचे पहाड़ों पर दोबारा हल्की बर्फबारी हो सकती है। इसके बाद, 7 व 8 फरवरी को मौसम फिर से साफ हो जाएगा। इससे अगले पांच-छह दिनों के दौरान तापमान में उछाल आएगा और तापमान सामान्य से ज्यादा रहेगा। प्रदेशवासियों को इससे ठंड से राहत की सांस मिलेगी। मनाली समेत 4 शहरों में माइनस में तापमान प्रदेश में अभी मशहूर पर्यटन स्थल मनाली समेत चार शहरों का तापमान माइनस में चल रहा है। लाहौल स्पीति के ताबो का पारा माइनस 7.9 डिग्री, कुकुमसैरी का माइनस -6.6 डिग्री, मनाली का माइनस -0.4 डिग्री और कल्पा का माइनस -3 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। इसी तरह, कई शहरों का अधिकतम तापमान अभी सामान्य से 5 डिग्री नीचे चल रहा है। मनाली का अधिकतम तापमान सामान्य से 4.8 डिग्री कम के साथ 7.0 डिग्री सेल्सियस चल रहा है। अगले पांच-छह दिनों के दौरान धूप खिलने से तापमान सामान्य से अधिक हो जाएगा। सड़कों की बहाली के काम में तेजी प्रदेश में बीते दिनों की बारिश-बर्फबारी के कारण 450 से ज्यादा सड़कें और 800 से अधिक बिजली के ट्रांसफॉर्मर अभी भी बंद पड़े हैं। ऐसे में ज्यादातर भागों में धूप खिलने से इनकी बहाली के काम में तेजी आई है। PWD का दावा है कि आज शाम तक 250 सड़कें ही बंद रहेगी। बाकी सड़कों को बहाल कर दिया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *