हिमाचल में कोलडैम से फिर छोड़ा जाएगा पानी:पंजाब तक अलर्ट, 5 मीटर बढ़ेगा सतलुज का वाटर लेवल, अगले 3 दिन साफ रहेगा मौसम

हिमाचल की राजधानी शिमला सहित कई भागों में रात से हल्की बूंदाबांदी हो रही है। शिमला में सुबह के वक्त धुंध के कारण विजिबिलिटी 50 मीटर से भी नीचे गिर गई है। मौसम विभाग के अनुसार, आज से अगले 3 दिन तक मौसम साफ रहने का पूर्वानुमान है। इस बीच बिलासपुर में सतलुज नदी पर बने कोलडैम से आज फिर बांध से पानी छोड़ने का अलर्ट जारी किया है। सुबह सात बजकर 30 मिनट पर बांध से पानी छोड़ा जाएगा। इससे नदी का जल स्तर चार से पांच मीटर बढ़ेगा। इसे देखते हुए हिमाचल के बिलासपुर से पंजाब तक लोगों को अलर्ट रहने और नदी के आसपास नहीं जाने की सलाह दी गई है। बीते कल भी कोलडैम के अलावा कड़छम और झाखड़ी बांध के जलाशय से वक्त पानी छोड़ा गया था। पहाड़ों पर बीते 3 दिन की बारिश से बांध में जल स्तर बढ़ा है। कोलडैम से आज फिर पानी छोड़ा जाएगा। प्रदेश में भारी बारिश के बाद कई प्रोजेक्ट में सिल्ट आ गई है। इससे 650 मेगावाट तक बिजली उत्पादन भी कम हुआ है। 72 घंटे साफ रहेगा मौसम मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार, प्रदेश में आज से मानसून कमजोर पड़ेगा। अगले 72 घंटे तक ज्यादातर भागों में धूप खिलने के आसार है। 23 से 25 जुलाई के बीच किसी भी जिला में बारिश का अलर्ट नहीं है। 26 जुलाई को केवल सिरमौर जिला में यलो अलर्ट की चेतावनी दी गई है। 375 सड़कें, 326 बिजली के ट्रांसफॉर्मर बंद बीते 2 दिन की भारी बारिश के 375 सड़कें, 326 बिजली के ट्रांसफॉर्मर और 314 पेयजल योजनाएं बंद पड़ी है। इस मानसून सीजन में अब तक सामान्य से 15 प्रतिशत ज्यादा बादल बरसे है। 20 जून से 22 जुलाई के बीच 275.4 मिलीमीटर नॉर्मल बारिश होती है, लेकिन इस बार 315.9 मिलीमीटर बादल बरस चुके हैं। इस वजह से भारी नुकसान देखने को मिला है। 135 लोगों की मौत, 34 लापता खासकर बादल फटने और फ्लैश फ्लड की वजह से जान व माल का काफी नुकसान हो चुका है। अब तक 135 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 34 लोग लापता है। 27 लोगों की जान फ्लैश फ्लड, बादल फटने और लैंडस्लाइड से गई है। 1100 से ज्यादा घरों को नुकसान प्रदेशभर में 397 घर पूरी तरह जमींदोज हो चुके है, जबकि 797 घरों को आंशिक क्षति आंकी गई है। भारी बारिश से 1037 गौशालाएं और 277 दुकानों को भी नुकसान पहुंचा है। अब तक 1247 करोड़ रुपए की सरकारी व निजी संपत्ति बारिश से नष्ट हो चुकी है। बारिश के बाद तापमान में गिरावट प्रदेश में बीते 2 दिन की बारिश के बाद तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। प्रदेश का औसत अधिकतम तापमान सामान्य से 4.1 डिग्री नीचे लुढ़का है। चंबा का तापमान सामान्य से 8.1 डिग्री नीचे गिरने के बाद 25.9 डिग्री, कांगड़ा का तापमान 7.5 कम होने के बाद 25.5 डिग्री, बिलासपुर का 5.8 डिग्री कम होने के बाद 26.6 डिग्री, मनाली का 4.9 डिग्री लुढ़कने के बाद 20.4 डिग्री, सोलन का 4.7 डिग्री कम होने के बाद 23.5 और शिमला का अधिकतम तापमान नॉर्मल से 3.2 डिग्री कम होने के बाद 19.6 डिग्री सेल्सियस रह गया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *