हिमाचल में मौसम बदला, आज रात से भारी बर्फबारी:3 जिलों को ऑरेंज अलर्ट, मैदानी इलाकों में बारिश-ओलावृष्टि, 8 डिग्री तक गिरेगा तापमान

हिमाचल प्रदेश में आज (वीरवार) रात से बारिश-बर्फबारी शुरू होगी। मौसम विभाग (IMD) ने ताजा बुलेटिन जारी कर चंबा, कुल्लू और लाहौल स्पीति जिला के ऊंचे क्षेत्रों में भारी हिमपात का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इससे पहले प्रदेश के ज्यादातर भागों में मौसम खराब हो गया है। IMD के अनुसार- रात 12 बजे से वेस्टर्न डिस्टरबेंस ज्यादा सक्रिय होगा। इसका असर 23 जनवरी की शाम सात-आठ बजे तक ज्यादा रहेगा। इस दौरान- ऊंचे क्षेत्रों में कई दौर में भारी हिमपात हो सकता है। ऊना, चंबा, कांगड़ा, कुल्लू और बिलासपुर जिलों में तेज बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में बारिश के साथ आसमानी बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है। वहीं मंडी, सोलन और सिरमौर जिलों के लिए ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया गया है। हमीरपुर जिले में कोल्ड वेव (शीत लहर) की चेतावनी दी गई है, जिससे तापमान में और गिरावट दर्ज की जा सकती है। कई शहरों के अधिकतम तापमान में 8 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आएगी। 24 को कमजोर पड़ेगा वेस्टर्न डिस्टरबेंस IMD के मुताबिक, 24 जनवरी को वेस्टर्न डिस्टरबेंस थोड़ा कमजोर पड़ेगा। इस दिन अधिक ऊंचे व मध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में ही हल्की बारिश-बर्फबारी के आसार है। 25 जनवरी को पूरे प्रदेश में मौसम साफ रहने का अनुमान है। 26 जनवरी को दूसरा स्ट्रांग वेस्टर्न डिस्टरबेंस दोबारा सक्रिय होगा। इससे 26 और 27 जनवरी को अच्छी बारिश और बर्फबारी के आसार बन रहे हैं। 3 महीने में सामान्य से 96% कम बारिश मौसम विभाग के पूर्वानुमान ने बागवानों को लंबे समय से चला आ रहा ड्राइ स्पेल टूटने की आशा जगाई है। मौसम वैज्ञानिक डॉ. संदीप शर्मा ने बताया कि कल पूरे प्रदेश में अच्छी बारिश व बर्फबारी के आसार है। कई भागों में ओलावृष्टि, तूफान और कोल्ड वेव भी चलेगी। इस सर्दी के मौसम में अब तक हिमाचल में बारिश और बर्फबारी बेहद कम दर्ज की गई है। IMD के अनुसार- नवंबर में सामान्य से 96 प्रतिशत कम बारिश, दिसंबर में 99 प्रतिशत और जनवरी में अब तक सामान्य से 94 प्रतिशत कम वर्षा रिकॉर्ड की गई है। प्रदेश में अगले चार पांच दिन के दौरान बारिश बर्फबारी होने से तापमान में भी कमी आएगी। अभी सात शहरों का पारा एक डिग्री या इससे भी कम चल रहा है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *