हिमाचल में युवक के पेट में 33 सिक्के:डॉक्टरों ने सफल ऑपरेशन कर 247 ग्राम वजन के 300 रुपए निकाले; ऑपरेशन के बाद युवक स्वस्थ्य

हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले में एक युवक के पेट से 33 सिक्के निकाले गए। रेनबो अस्पताल घुमारवी के डॉक्टरों ने सोमवार को युवक का सफल ऑपरेशन किया और उसके पेट में एक-दो नहीं बल्कि तीन दर्जन के करीब सिक्के निकाले। पेट में इतने सिक्के देखकर डॉक्टर भी हैरान हो गए। ऑपरेशन के बाद 33 वर्षीय युवक अब स्वस्थ बताया जा रहा है। डॉक्टरों के अनुसार, मरीज सिजोफ्रेनिया (एक मानसिक बीमारी) से पीड़ित है। 33 वर्षीय युवक को सिक्के निगलने की आदत है। बीते 31 जनवरी को पेट में दर्द के बाद परिजन युवक को अस्पताल लेकर आए। डॉक्टर अंकुश ने मरीज की एक्स-रे और एंडोस्कोपी की, जिसमें उसके पेट में सिक्कों की मौजूदगी का पता चला। युवक का ऑपरेशन करीब तीन घंटे तक चला। बताया जा रहा है कि युवक ने अलग अलग समय पर सिक्के खाए हैं। पेट से निकाले 300 रुपए के सिक्के एब्डोमिनल स्कैन में पता चला कि सिक्कों का कुल वजन 247 ग्राम था। ऑपरेशन में डॉक्टरों ने मरीज के पेट से कुल 300 रुपए मूल्य के सिक्के निकाले। इनमें 2 रुपए के 5 सिक्के, 10 रुपए के 27 सिक्के और 20 रुपए का एक सिक्का शामिल था। डॉक्टरों के अनुसार, सिजोफ्रेनिया के मरीज असामान्य रूप से सोचते और व्यवहार करते हैं, जिसके कारण यह व्यक्ति सिक्के निगलता था। घुमारवीं क्षेत्र का रहने वाला यह युवक फिलहाल डॉक्टरों की निगरानी में है। चिकित्सकों का कहना है कि मरीज को मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ की सलाह और नियमित उपचार की आवश्यकता है, ताकि भविष्य में ऐसी घटना की पुनरावृत्ति न हो।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *