हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस ने शनिवार को ‘वोट चोर- गद्दी छोड़’ अभियान लांच किया। सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ने राजीव भवन से अपने साइन करके इस अभियान का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा- इस अभियान को घर-घर तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कहा-BJP वोट चोरी कर रही है। महाराष्ट्र व हरियाणा के चुनाव में कैसे वोट चोरी किए गए, राहुल गांधी ने तथ्यों के साथ यह बात देश को बताई। अब यही बात इस अभियान के दौरान हिमाचल की जनता को भी बताई जाएगी। प्रदेश में यह अभियान 15 अक्टूबर तक चलेगा। कांग्रेस का दावा है कि राहुल गांधी द्वारा शुरू किए गए राष्ट्रव्यापी इस अभियान के दौरान एक लाख हस्ताक्षर करवाए जाएंगे। हाईकमान को भेजे जाएंगे साइन इसके बाद सभी साइन पार्टी हाइकमान को भेजे जाएंगे। इस काम की निगरानी के लिए पार्टी मुख्यालय में एक कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। हिमुडा के वाइस चेयरमैन एवं पार्टी के पूर्व महासचिव यशवंत छाजटा को इसका प्रभारी बनाया गया है। पार्टी का दावा है कि कांग्रेस वर्कर प्रत्येक विधानसभा क्षेत्रों के गांव-गांव जाकर जनता को इस अभियान के बारे में बताएंगे और हस्ताक्षर करवाएंगे। इस काम में कांग्रेस के फ्रंटल ऑर्गेनाइजेशन युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस, इंटक, कांग्रेस सेवादल और एनएसयूआई कार्यकर्ता अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएंगे। रजनी पाटिल ने वर्चुअल मीटिंग में दिए निर्देश इस अभियान की शुरुआत से पहले हिमाचल कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल दिल्ली से वर्चुअली जुड़ी। उन्होंने कांग्रेस नेताओं को इस अभियान की सफलता को लेकर जरूरी दिशा-निर्देश दिए। वर्चुअल मीटिंग में इस अभियान के लिए संयोजक बनाए गए डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री, कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह, सह संयोजक कुलदीप राठौर, स्वास्थ्य मंत्री धनीराम शांडिल आदि मौजूद रहे। शहरों तक सीमित नहीं रहेगा अभियान : प्रतिभा प्रतिभा सिंह ने कहा- इस अभियान को सफल बनाने के लिए कार्यकर्ताओं ने कमर कस ली है। यह अभियान शहरों तक सीमित नहीं रहेगा। इसे गांव गांव पहुंचाया जाएगा। आज देश में वोटरों के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता नेता राहुल गांधी पूरे देश में जाकर लोगों को बता रहे हैं कि कैसे वोट चोरी किए जा रहे हैं। राठौर बोले- वोट चोरी करके सरकारें बन रही कांग्रेस इस अभियान के सह संयोजक कुलदीप राठौर ने कहा- यह अभियान भाजपा द्वारा कथित वोट चोरी के विरोध में है। उन्होंने कहा- BJP वोट चोरी करके सरकारें बना रही है। कांग्रेस वोटरों का इलेक्ट्रॉनिक डेटा चुनाव आयोग से मांग रही है, जो दिया नहीं रहा है। राहुल गांधी के आरोपों का जवाब देने के बजाय उन्हें ही शपथ पत्र देने को कहा जा रहा है।