हिमाचल प्रदेश के कई भागों में आज भी तेज बारिश हुई है। शिमला में भी दोपहर के वक्त बारिश से मौसम ठंडा हो गया। बीते 24 घंटे के दौरान कहू में सबसे ज्यादा 74.1 मिलीमीटर बारिश हुई। शिमला, सोलन और सिरमौर जिलों के कई भागों में भी दोपहर के वक्त अच्छी बारिश हुई। प्रदेश में बारिश के बाद तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। हिमाचल का औसत अधिकतम तापमान नॉर्मल से 4.7 डिग्री सेल्सियस नीचे गिर गया है। बीते 24 घंटे के दौरान कसौली के तापमान में सबसे ज्यादा 7.7 डिग्री की गिरावट के बाद तापमान 17.3 डिग्री रह गया है। वहीं चंबा का अधिकतम तापमान सामान्य से 10.4 डिग्री नीचे गिरने के बाद 26.0 डिग्री रह गया है। सोलन का तापमान सामान्य की तुलना में 7.5 डिग्री नीचे गिरने के बाद 23.0 डिग्री और शिमला का अधिकतम तापमान 6.2 डिग्री कम होने के बाद 17.5 डिग्री रह गया है। 11 मई तक खराब रहेगा मौसम मौसम विभाग की माने तो हिमाचल में अगले 6 दिन तक मौसम खराब बना रहेगा। इस दौरान कुछ क्षेत्रों में तेज बारिश, कई जगह आंधी-तूफान और ओलावृष्टि का पूर्वानुमान है। इससे तापमान में भी गिरावट आएगी। मौसम विभाग के अनुसार, बीते 6 दिन के मुकाबले वेस्टर्न डिस्टरबेंस आज थोड़ा कमजोर जरूर पड़ेगा, लेकिन कुछ क्षेत्रों में आज भी हल्की बारिश के आसार हैं। अगले कल से वेस्टर्न डिस्टरबेंस दोबारा स्ट्रॉन्ग होगा और 11 मई तक अच्छी बारिश की संभावना है। 8 मई तक ऑरेंज अलर्ट प्रदेश में आज से 8 मई तक चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला जिले में आसमानी बिजली गिरने, तूफान और ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में कुछ स्थानों पर 50 से 60 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती है। अन्य जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग की चेतावनी ने बढ़ाई किसानों-बागवानों की चिंताएं प्रदेश में 1 मई से निरंतर बारिश हो रही है। इस दौरान कई जिलों में ओलावृष्टि ने फसलों को तहस-नहस किया है। खासकर शिमला जिले के ज्यादातर भागों में सेब की फसल तबाह हो गई है। मटर और फूलगोभी की फसल भी नष्ट हो गई है। किसान-बागवान मायूस हैं। मौसम विभाग की चेतावनी ने किसानों-बागवानों की चिंता और बढ़ा दी है।


