हिमाचल में BJP नेता ने कांग्रेस को आतंकी संगठन बताया:CM-मंत्रियों पर की आपत्तिजनक टिप्पणी, सोशल मीडिया पोस्ट वायरल

हिमाचल प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी के एक कार्यकर्ता ने सोशल मीडिया पर कांग्रेस को आतंकवादी मुस्लिम संगठन बताया। इसी तरह मुख्यमंत्री समेत मंत्रियों और कांग्रेस नेताओं के खिलाफ भी सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणी की। कांग्रेस नेता सुरेश कुमार की शिकायत पर पुलिस ने सदर थाना शिमला में एफआईआर दर्ज कर जांच तेज कर दी है। सुरेश कुमार ने आरोप लगाया कि दिनेश नाम के फेसबुक यूजर ने सोशल मीडिया पर कांग्रेस पार्टी को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की है। इसमें कांग्रेस को राजनीतिक पार्टी नहीं बल्कि छुपा हुआ आतंकवादी मुस्लिम संगठन बताया गया। शिकायतकर्ता ने कहा, यह कांग्रेस को बदनाम करने की साजिश है। उन्होंने कहा कि दिनेश ने अलग-अलग फेसबुक पोस्ट में जानबूझकर ऐसी टिप्पणियां की हैं। इससे न सिर्फ पार्टी की प्रतिष्ठा को ठेस पहुंची है, बल्कि समाज में दुश्मनी और नफरत को भी बढ़ावा मिला है। सदर थाना शिमला में भारतीय दंड संहिता की धारा 336 (4), 353 (2), 356 (4) और 196 (1) के तहत मामला दर्ज किया गया है। CM-मंत्रियों पर आपत्तिजनक टिप्पणी एक अन्य मामले में छोटा शिमला थाने में एफआईआर दर्ज की गई है। यह शिकायत खुफिया विभाग और पुलिस कार्यालय के माध्यम से एक जनवरी 2025 को प्राप्त हुई थी। शिकायत के अनुसार हिमाचल के मुख्यमंत्री सुखविंदर सुक्खू और कैबिनेट मंत्रियों के खिलाफ एक सोशल मीडिया पेज द्वारा आपत्तिजनक पोस्ट और वीडियो अपलोड किए गए। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि ये पोस्ट मुख्यमंत्री और अन्य नेताओं की छवि खराब करने की नीयत से किए गए हैं। पुलिस की प्रारंभिक जांच में पता चला है कि इन पोस्ट में मुख्यमंत्री और सरकार की नीतियों को लेकर भ्रामक और अपमानजनक सामग्री अपलोड की गई थी। एसपी शिमला संजीव गांधी ने बताया कि दोनों मामलों में एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। चेतन बरागटा ने की निंदा इस बीच, जुब्बल कोटखाई से भाजपा नेता और विधानसभा चुनाव में पार्टी प्रत्याशी चेतन बरागटा ने भाजपा नेता के खिलाफ एफआईआर की निंदा की है। उन्होंने कहा कि उन्हें नहीं पता था कि कांग्रेस सरकार इतना नीचे गिर सकती है। उन्होंने इसे कांग्रेस की हताशा बताया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *