भोपाल में कुछ बदमाशों ने एक युवक पर हथौड़े, सब्बल और डंडों से हमला कर दिया। उसके हाथ-पैर कुचल दिए। बेरहमी से तब तक पीटा, जब तक वह बेसुध नहीं हो गया। उसकी कार में तोड़फोड़ की। फिर भाग निकले। वारदात कोलार इलाके में रविवार सुबह 11 बजे की है। पीड़ित युवक की पहचान रीवा के चोरहटा थाना क्षेत्र निवासी कुलदीप सिंह के रूप में हुई है। कुलदीप निगरानीशुदा हिस्ट्रीशीटर है। उस पर 12 केस दर्ज हैं। वह अपनी मंगेतर से मिलने शुक्रवार को भोपाल आया था। हमले के दौरान कई लोग वीडियो बनाते रहे, लेकिन कुलदीप को बचाने की हिम्मत किसी ने नहीं की। वीडियो में एक युवती हमलावरों को ललकारती दिख रही है। कुलदीप को बंसल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस बयान दर्ज कर रही है। मामले में पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज कर ली। फिलहाल आरोपियों का सुराग नहीं मिला है। डॉक्टर बोले- हालत नाजुक
पुलिस के अनुसार, कुलदीप अपनी कार से कहीं जा रहा था। इसी दौरान बदमाशों ने बिना नंबर की एक कार उसकी गाड़ी के आगे और एक कार पीछे लगाकर रास्ता रोक लिया। फिर उसे घसीटकर गाड़ी से बाहर निकाला। इसके बाद हमला कर दिया। बदमाशों के भागने के बाद मौके पर मौजूद लोग कुलदीप को लेकर बंसल अस्पताल पहुंचे। डॉक्टरों के मुताबिक, उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। कुलदीप सिंह के खिलाफ रीवा और जबलपुर में हत्या, मारपीट, रंगदारी, बलवा और अवैध हथियार रखने के 12 आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह हाल ही में जेल से जमानत पर छूटा था और कोलार के नेताजी हिल्स इलाके में रहने वाली अपनी डेंटिस्ट मंगेतर से मिलने आया था। 6 फरवरी को दोनों की सगाई होनी है। पुरानी रंजिश के चलते हमले की आशंका
कोलार थाना प्रभारी संजय सोनी ने कहा- वारदात का पैटर्न देखकर आशंका है कि बदमाशों ने कुलदीप की रेकी की थी। वे पहले से उसकी गतिविधियों पर नजर रखे हुए थे और मौका मिलते ही हमला कर दिया। मामले में रीवा पुलिस से संपर्क कर जांच शुरू कर दी गई है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। ये खबर भी पढ़ें… हिस्ट्रीशीटर का वीडियो- एसपी साहब बर्खास्त न होना पड़ जाए दतिया में पूर्व बसपा नेता से मारपीट करने वाले आरोपी ने एसपी सूरज वर्मा को धमकी दी है। आरोपी राजा जाटव उर्फ राजा बड़ौनी ने एक वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट किया। जिसमें वह कह रहा है – लोकल नेता से मैंने मारपीट की है। एसपी साहब, कहीं आपको बर्खास्त न होना पड़ जाए। राजा बड़ौनी 20 हजार लोग साथ लेकर चलता है। पढ़ें पूरी खबर…


