हीरादास स्थित रोडवेज बस स्टेंड के बाहर की घटना: परिजनों ने की मुआवजे की मांग

अटल बंद थाना क्षेत्र में बुधवार को एक दर्दनाक हादसा हुआ। अलवर डिपो की एक रोडवेज बस ने 55 वर्षीय मुश्ताक खान का सिर कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद मृतक के परिजनों और स्थानीय लोगों ने सड़क पर जाम लगा दिया, जिससे यातायात दो घंटे तक बाधित रहा। मुश्ताक खान, आनंद नगर कॉलोनी निवासी, भरतपुर बस स्टैंड के बाहर सवारियों को इकट्ठा कर रहे थे। सुबह करीब 11 बजे, जब वह डिवाइडर पर खड़े थे, तभी अलवर डिपो की बस कुम्हेर गेट की ओर मुड़ते समय उन्हें चपेट में ले गई। बस का अगला पहिया उनके सिर पर चढ़ गया, जिससे उनका सिर बुरी तरह कुचल गया और सड़क पर मांस के टुकड़े बिखर गए। घटना के बाद बस चालक सवारियों से भरी बस लेकर फरार हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दी। गुस्साए परिजनों ने शव सड़क पर रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया और चालक के खिलाफ कार्रवाई और मुआवजे की मांग की। सूचना पर पहुंचे प्रशासनिक अधिकारियों ने परिजनों को समझाकर जाम खुलवाया। अंडर ट्रेनिंग आईएएस राहुल श्रीवास्तव ने बताया कि मृतक के दस्तावेज जुटाए जा रहे हैं, ताकि जल्द से जल्द सहायता राशि उपलब्ध कराई जा सके। 6 महीने पहले बेटे की पत्नी की हुई थी मौत… मृतक मुश्ताक खान का परिवार इस समय गहरे सदमे में है। उनकी बेटी हज्जो की अगले महीने फरवरी में शादी होनी थी। परिवार शादी की तैयारियों में जुटा था, लेकिन एक दर्दनाक सड़क हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया। पिता मुश्ताक खान की मौत से बेटी का रो-रोकर बुरा हाल है। यह परिवार पहले ही कठिन दौर से गुजर रहा था। छह महीने पहले बड़े बेटे बंटी की पत्नी की हार्ट अटैक से मृत्यु हो गई थी। उस समय परिवार ने किसी तरह खुद को संभाला था, लेकिन अब पिता के निधन ने उन्हें पूरी तरह तोड़ दिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए आरबीएम अस्पताल की मोर्चरी में भेजा गया है। मृतक मुश्ताक खान अपने पीछे पत्नी, दो बेटे और एक बेटी छोड़ गए हैं। बड़े बेटे बंटी (33) पेंटिंग का काम करते हैं, जबकि छोटा बेटा राजा (30) एसी और कूलर का मैकेनिक है। बेटी हज्जो (24) पढ़ाई कर रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *