हीरोडीह पुलिस ने किसगो गांव में हुई बड़ी चोरी का खुलासा किया है। इस मामले में एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया है, जिसकी निशानदेही पर लाखों रुपए के सोने-चांदी के जेवरात, नकदी और अन्य सामान बरामद किए गए हैं। खोरीमहुआ एसडीपीओ राजेंद्र प्रसाद ने यह जानकारी दी। एसडीपीओ राजेंद्र प्रसाद ने बताया कि किसगो गांव निवासी महिपाल गुप्ता ने 27 सितंबर 2025 को हीरोडीह थाना में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि 8 से 27 सितंबर के बीच उनके बंद घर का ताला तोड़कर अज्ञात चोरों ने करीब 12 लाख रुपए मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात चुरा लिए थे। इस संबंध में हीरोडीह थाना में मामला दर्ज किया गया था। एसडीपीओ के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया था मामले के त्वरित उद्भेदन के लिए एसपी डॉ. बिमल कुमार के निर्देश पर खोरीमहुआ एसडीपीओ राजेंद्र प्रसाद के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया था। इस टीम में जमुआ अंचल के इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार दास, थाना प्रभारी महेश चंद्र सहित अन्य पुलिस अधिकारी और तकनीकी शाखा के सदस्य शामिल थे। टीम ने कार्रवाई करते हुए किसगो गांव निवासी 19 वर्षीय प्रेम कुमार गुप्ता, पिता बसंत कुमार गुप्ता को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान अभियुक्त ने चोरी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। गिरफ्तार अभियुक्त की निशानदेही पर सोने की चेन, अंगूठी, कान के झुमके (एक जोड़ा), लॉकेट, नथिया, चांदी के पायल, 10 हजार रुपए नकद, वीवो कंपनी के दो मोबाइल फोन और एक नीले रंग का बैग पैक बरामद किया गया। सोने का कंगन शुगंगा ज्वेलर्स, धनवार से और 11.370 ग्राम गलाया हुआ सोना (सिल्ली) अशोक संस एंड ज्वेलर्स, धनवार से बरामद किया गया। एसडीपीओ राजेंद्र प्रसाद ने बताया कि पुलिस की सक्रियता और तकनीकी जांच के आधार पर कुछ ही दिनों में चोरी कांड का खुलासा कर लिया गया। उन्होंने यह भी बताया कि इस घटना में संलिप्त अन्य अपराधियों की तलाश जारी है।


