मोहनलालगंज कोतवाली क्षेत्र के हुलासखेड़ा में चोरों का आतंक बढ़ता जा रहा है। एक महीने के भीतर तीन बड़ी चोरियां हुई हैं, लेकिन पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। पीड़ितों की शिकायतों पर कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। मामला 8 जनवरी का है, जब चोर जयकरन साहू के घर के बाहर खड़े ई-रिक्शा से चार बैटरियां चुरा ले गए। पीड़ित ने हुलासखेड़ा चौकी में लिखित शिकायत दी, लेकिन 11 दिन बीत जाने के बाद भी मुकदमा दर्ज नहीं किया गया। इससे पहले हुलासखेड़ा मजरा कटुवाखेड़ा में चोरों ने एक महिला शांति के बंद घर का ताला तोड़कर 25 किलो वजन का पीतल का पुराना बर्तन चुरा लिया। घटना उस समय हुई जब वह अपने बेटे और बहू के साथ बेटी के मायके आजादपुर गई हुई थीं। तीसरी घटना में चोर किसान विजय चंद्र तिवारी के खेत से बोरिंग इंजन का पंखा और अन्य सामान चुरा ले गए। ग्रामीणों का कहना है कि पुलिस सभी मामलों में जांच का आश्वासन देकर शिकायतों को ठंडे बस्ते में डाल रही है। पुलिस की इस कार्यशैली से क्षेत्र के लोगों में भारी आक्रोश है।


