भास्कर न्यूज | सुकमा नेशनल हेराल्ड मामले को लेकर गुरुवार को सुकमा में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा कार्यालय का घेराव किया। इस दौरान पुलिस ने बैरिकेड लगाकर कार्यकर्ताओं को रोका। जिससे पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हुई। वहीं कांग्रेसियों ने भाजपा कार्यालय के समक्ष बैठकर रघुपति राघव राजा राम गाकर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान सैकड़ों की संख्या में कांग्रेसी मौजूद रहे। सुकमा जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से नेशनल हेराल्ड मामले में भाजपा कार्यालय का घेराव किया गया। बडी संख्या में कार्यकर्ता लगभग 200 मीटर दूर पटनम पारा चौक से रैली निकालकर भाजपा कार्यालय पहंचे। भाजपा कार्यालय से करीब 30 मीटर पहले पुलिस ने 06 फीट ऊंचे बैरिकेड लगाकर उन्हें रोक दिया। इस दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच धक्का- मुक्की हुई और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। जिलाध्यक्ष हरीश कवासी ने बताया कि नेशनल हेराल्ड मामले में दर्ज एफआईआर को अदालत ने खारिज कर दिया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के बडे़ नेताओं के खिलाफ ईडी की ओर से दर्ज कराई गई एफआईआर को अदालत ने क्लीन चिट देते हुए खारिज कर दिया है, जिसे सत्य की जीत बताया जा रहा है। इसी के विरोध में भाजपा कार्यालय का घेराव किया गया। वहीं बस्तर की आवाज विधायक कवासी लखमा को भी बस्तर के जल जंगल जमीन की सुरक्षा के लिए आवाज उठाने पर इन्हीं एजेंसियां के माध्यम से उनके आवाज को दबाने का प्रयास किया जा रहा है लेकिन बस्तर का एक एक कार्यकर्ता उनकी आवाज बनकर भाजपा सरकार की गलत नीतियों का विरोध करेगा। कोंडागांव| नेशनल हेराल्ड प्रकरण में अदालत द्वारा ईडी की चार्जशीट खारिज किए जाने के बाद कांग्रेस ने इसे लोकतंत्र की जीत बताया है। कोंडागांव में पूर्व मंत्री मोहन मरकाम की अगुआई और जिला कांग्रेस अध्यक्ष रवि घोष के नेतृत्व में भाजपा जिला कार्यालय का घेराव किया गया। इस दौरान पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष देवचंद मतलाम सहित कांग्रेस के पदाधिकारी, कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे। मरकाम ने कहा कि नेशनल हेराल्ड मामले में भाजपा का राजनीतिक षड्यंत्र आज पूरी तरह बेनकाब हो गया है। एजेंसियों के दुरुपयोग के जरिए एक दशक तक कांग्रेस के राष्ट्रीय नेतृत्व की छवि धूमिल करने की कोशिश की गई, लेकिन न्यायालय ने स्पष्ट कर दिया कि सोनिया गांधी और राहुल गांधी के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग का कोई मामला नहीं बनता।


