हेलमेट पहनकर वाहन चलाने वालों को गुलाब दिए:खरगोन में नियम न मानने वालों को 100 हेलमेट बांटे

खरगोन में यातायात जागरूकता अभियान के तहत हेलमेट पहने दोपहिया वाहन चालकों को गुलाब के फूल दिए गए। इस दौरान लगभग 100 से अधिक हेलमेट भी वितरित किए गए। यह पहल गायत्री मंदिर तिराहे पर की गई। पुलिस अधीक्षक डॉ. रविंद्र वर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बिट्टू सहगल और यातायात थाना प्रभारी रमेश सोलंकी ने इस अभियान का नेतृत्व किया। उन्होंने हेलमेट का उपयोग करने वाले चालकों को गुलाब देकर सम्मानित किया और उन्हें हेलमेट के नियमित उपयोग के लिए प्रेरित किया। इस दौरान बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल थीं। एसपी डॉ. रविंद्र वर्मा ने वाहन चालकों से कहा कि छोटी सी सावधानी अमूल्य जीवन बचा सकती है। उन्होंने बताया कि अभियान का उद्देश्य लोगों को यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने जोर दिया कि हेलमेट पहनना केवल कानून ही नहीं, बल्कि एक जिम्मेदारी भी है। पुलिस को उम्मीद है कि इस पहल से जिले में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता और नियमों के पालन में वृद्धि होगी। दोपहिया वाहन चालक श्वेता पंडित ने इस पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह विभाग द्वारा एक अच्छी पहल है और हम सभी के लिए यातायात नियमों का पालन करने की सीख भी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *