हेलमेट पहनकर ही दफ्तर में आएं कर्मचारी: कलेक्टर

मनेंद्रगढ़ | जिला मुख्यालय में अब सभी अधिकारी और कर्मचारी कार्यस्थल आने-जाने के दौरान हेलमेट पहनना अनिवार्य होगा। बिना हेलमेट पकड़े जाने पर चालान कटेगा। शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में कलेक्टर की अध्यक्षता में सड़क सुरक्षा को लेकर अहम बैठक हुई। कलेक्टर ने कहा, अधिकारी-कर्मचारी हेलमेट पहनकर ही दफ्तर आएं। चार पहिया वाहन चलाने वालों को सीट बेल्ट लगाना जरूरी होगा। नियम तोड़ने पर कार्रवाई तय है। उन्होंने कहा, सड़क हादसों को रोकने और लोगों में सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए प्रशासन को मिसाल बनना होगा। कलेक्टर ने सभी विभाग प्रमुखों को निर्देश दिए कि वे अपने अधीनस्थों को नियमों की जानकारी दें। उन्होंने कहा, सड़क सुरक्षा के लिए प्रभावी रणनीति बनाई जाएगी। जिला प्रशासन सख्ती और सतर्कता दोनों के साथ काम करेगा। सभी विभागों को आपसी समन्वय से कार्य योजना तैयार करने को कहा गया है। ताकि सड़क हादसों में कमी लाई जा सके और सुरक्षित यातायात व्यवस्था बन सके। बैठक के अंत में कलेक्टर ने कहा, सड़क सुरक्षा केवल अभियान नहीं, हर नागरिक की नैतिक जिम्मेदारी है। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *