थाना दरेसी इलाके में होजरी कारोबारी की फैक्ट्री से कपड़ों के बंडल चोरी होने का मामला सामने आया है। यह वारदात 5 फरवरी की शाम करीब 3:42 बजे की बताई जा रही है। पीड़ित कारोबारी की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शिकायतकर्ता विपिन डंग निवासी बाल सिंह नगर ने पुलिस को बताया कि उनकी अशोका नेट नाम से होजरी फर्म है। उन्होंने दोपहर के समय फैक्ट्री में कपड़ों के चार बंडल रखे थे। जब वह शाम करीब 3:42 बजे फैक्ट्री पहुंचे तो वहां सिर्फ दो बंडल ही पड़े मिले। संदेह होने पर कारोबारी ने फैक्ट्री में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक की, जिसमें दो अज्ञात युवक फैक्ट्री में दाखिल होकर कपड़ों के बंडल चोरी कर बाहर ले जाते हुए नजर आए। इसके बाद पीड़ित ने थाना दरेसी की पुलिस को शिकायत दी। मामले की जांच कर रहे अधिकारी सुखदेव सिंह ने बताया कि फिलहाल आरोपियों की पहचान नहीं हो सकी है। अज्ञात युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है।


