कोटा शहर के विज्ञान नगर थाना क्षेत्र में शाम को एरोड्रम सर्किल स्थित अल करीम रेस्टोरेंट में खाने के पैसों को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। होटल कर्मचारियों के साथ मारपीट की गई और बदमाश गल्ले से करीब 70 हजार रुपये की नकदी लूटकर फरार हो गए। रेस्टोरेंट के मैनेजर भगवान नागर ने बताया कि शाम करीब 6:30 बजे कुछ युवक होटल में खाना खाने आए थे। खाना खाने के बाद बिल को लेकर विवाद हो गया। कर्मचारियों द्वारा समझाने का प्रयास किया गया, लेकिन बात बढ़ती चली गई और देखते ही देखते मारपीट शुरू हो गई। आरोप है कि मुकेश बंजारा अपने अन्य साथियों के साथ कर्मचारियों से हाथापाई करने लगा। मारपीट के दौरान आरोपियों ने होटल का गल्ला तोड़ दिया और उसमें रखी नकदी लेकर मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही विज्ञान नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने होटल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। मैनेजर की ओर से विज्ञान नगर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है। पुलिस आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश में जुटी हुई है।


