सीहोर | सीहोर के पास एक होटल में रुके कपल का अश्लील वीडियो वायरल करने के मामले में मंडी पुलिस ने पास के एक अन्य होटल के कर्मचारी सहित चार लोगों के खिलाफ आईटी एक्ट और अन्य धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है। खास बात यह है कि इस मामले में पीड़ित पक्ष अब तक सामने नहीं आया है। जब होटल संचालक को पता चला कि उसके होटल में रुके कपल का वीडियो वायरल हो रहा है, तो उसने पुलिस को शिकायत की। उसने कहा कि पड़ोसी होटल के कर्मचारी मेरे होटल को बदनाम करने के लिए इस तरह की घटना कर रहे हैं। बता दें कि एक होटल में राजस्थान से आया कपल कुछ दिन पहले रुका था। अगले दिन कपल चेकआउट करके चला गया। एक-दो दिन बाद कुछ लोगों ने बताया कि आपके होटल में गंदा काम होता है। जब उसने इस बात पर बहस की, तो पता चला कि पास के एक अन्य होटल के कर्मचारी सुमित पैरवाल के मोबाइल में उसके होटल के एक कमरे में रुके कपल का अश्लील वीडियो है। युवक ने चोरी-छिपे वीडियो बनाकर दोस्त को भेजा था बता दें कि होटल में ठहरे राजस्थान के कपल का पड़ोस के होटल पर काम करने वाले कर्मचारी ने कमरे की लाइट जलने और पर्दा खुला होने का फायदा उठाकर कपल का आपत्तिजनक वीडियो बना लिया। इसके बाद उसने वीडियो अपने दोस्तों को भेज दिया, जिससे वीडियो वायरल हो गया। रिकॉर्ड किया गया वीडियो करीब 19 मिनट का बताया जा रहा है, जिसकी चर्चा सोशल मीडिया पर तेजी से फैल गई। होटल के मैनेजर ने खुद बताया कि उसे यह सुमित पैरवाल नामक युवक के मोबाइल में मिला। पूछताछ में सुमित ने भी स्वीकार किया कि उसने ही वीडियो बनाया था और इसे अपने दोस्तों के व्हाट्सएप ग्रुप में भेजा था।


