होटल मैनेजर को सूदखोरों ने किया अगवा, दो गिरफ्तार:उधार दिए थे 2.9 लाख रुपए, सवा तीन लाख वापस हुए फिर भी मांग रहे थे 6 लाख

ग्वालियर में सूदखोरों ने होटल मैनेजर का अपहरण केवल इसलिए कर लिया, क्योंकि वह चक्रवृद्धि ब्याज नहीं चुका पा रहा था। आरोपियों ने उसे एक कमरे में बंधक बनाकर रखा। मैनेजर ने एक आरोपी की स्मार्ट वॉच से अपनी गर्लफ्रेंड को कॉल कर घटना की जानकारी दी, जिसके बाद परिजन पुलिस के पास पहुंचे। यह घटना शनिवार दोपहर कोटेश्वर मंदिर के पास की है। पुलिस के दबाव के बाद आरोपियों ने होटल मैनेजर को छोड़ दिया। इसके बाद सोमवार रात पुलिस ने बंधक बनाने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। मैनेजर ने आरोपियों से 2.90 लाख रुपए उधार लिए थे और अब तक 3.20 लाख रुपए चुका चुका है, इसके बावजूद सूदखोर चक्रवृद्धि ब्याज जोड़कर 6 लाख रुपए की मांग कर रहे थे। बाइक में बैठाकर ले गए, बंधक बनाकर पीटा शहर के उपनगर ग्वालियर स्थित कोटेश्वर कॉलोनी निवासी 25 वर्षीय सौरभ शर्मा, पुत्र रामनरेश शर्मा, हरिद्वार के एक होटल में मैनेजर के पद पर कार्यरत है। कुछ दिन पहले वह छुट्टी पर ग्वालियर आया था। शनिवार को वह एक पार्सल लेने निकला था। जैसे ही वह कोटेश्वर मंदिर के पास पहुंचा, वहां हेमंत शर्मा उर्फ छोटू त्यागी और सचिन त्यागी मिले। दोनों ने उसे बाइक पर बैठने को कहा। मना करने पर जबरदस्ती उसे बाइक पर बैठाकर गोला का मंदिर स्थित गोवर्धन कॉलोनी में सचिन के घर ले गए और कमरे में बंद कर दिया। वहां उससे छह लाख रुपए की मांग की गई। रकम देने से इनकार करने पर उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई। स्मार्ट वॉच से किया कॉल मारपीट के बाद आरोपियों ने सौरभ को कमरे में बंद कर दिया। इसी दौरान उसे मौका मिला और उसने आरोपी सचिन की स्मार्ट वॉच से अपनी गर्लफ्रेंड को कॉल कर पूरी घटना बताई और परिजनों को सूचना देने के लिए कहा। इसके बाद उसकी गर्लफ्रेंड ने उसके पिता से संपर्क कर अपहरण की जानकारी दी। पुलिस ने कराया मुक्त, दो आरोपी गिरफ्तार घटना की जानकारी मिलते ही परिजन थाने पहुंचे। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी प्रशांत शर्मा ने एसआई अजय सिंह सिकरवार के नेतृत्व में एक टीम गठित की। पुलिस ने हेमंत शर्मा उर्फ छोटू त्यागी को पकड़ा, जिसने सचिन त्यागी को कॉल कर सौरभ को छोड़ने के लिए कहा। इसके बाद होटल मैनेजर को मुक्त करा लिया गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामला उधारी और अत्यधिक ब्याज वसूली से जुड़ा हुआ है। सीएसपी ग्वालियर कृष्ण पाल सिंह ने बताया कि ब्याज पर पैसे देने के मामले में दो युवकों ने एक युवक को बंधक बनाया था। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *