सीहोर जिले के आष्टा तहसील के ग्राम कोठरी स्थित शासकीय हाई सेकेंडरी स्कूल में एक शिक्षिका द्वारा छात्राओं की पिटाई का मामला सामने आया है। आरोप है कि छात्राओं ने होमवर्क नहीं किया था, जिसके बाद शिक्षिका ने उन्हें पीटा। इस कारण छात्राओं के हाथों में सूजन आ गई। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है। इस वीडियो में कुछ छात्राएं घायल अवस्था में दिखाई दे रही हैं, जिनके हाथ सूजे हुए हैं। जानकारी के अनुसार, कोठरी के सरकारी हायर सेकेंडरी विद्यालय में पूर्व वार्डन और वर्तमान में शिक्षिका ने एक दर्जन से अधिक छात्राओं के साथ मारपीट की। घटना की सूचना मिलने पर तहसीलदार और वीआरसीसी (ब्लॉक रिसोर्स सेंटर कोऑर्डिनेटर) मौके पर पहुंचे। इसके अलावा, विद्यार्थी परिषद और एनएसयूआई की टीमें भी विद्यालय में मौजूद हैं। मामले की जांच की जा रही है।


