होली पर घर लौटने की भीड़, ट्रेनों में पहले ही लग रहा नो रूम का बोर्ड

भास्कर न्यूज | झुमरी तिलैया होली का त्योहार लेकर दूसरे राज्यों में रहने वाले लोग होली को परिवार के साथ मनाने की तैयारी में अभी से ट्रेनों की टिकट बुक कराने में जुट गए हैं। स्थिति यह है कि रिजर्वेशन लाइन खुलते ही कोडरमा आने वाली कई ट्रेनों में नो रूम का बोर्ड लगने लगा है। इस वर्ष होली 4 मार्च को मनाई जाएगी। ऐसे में लगभग दो महीने पहले से ही यात्रियों ने अग्रिम बुकिंग शुरू कर दी है। मुंबई, सूरत, जयपुर, अहमदाबाद, अमृतसर सहित देश के बड़े शहरों से कोडरमा आने वाली ट्रेनों में सीटें तेजी से भर रही हैं। परदेश में काम करने वाले लोग, व्यापारी और छात्र-छात्राएं होली से पहले घर पहुंचने के लिए बुकिंग में जुटे हैं। बीते एक सप्ताह से टिकट काउंटर और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर भारी दबाव देखा जा रहा है। होली के एक सप्ताह पहले यानी 23 फरवरी से 1 मार्च तक की तारीखों में लंबी दूरी की लगभग सभी प्रमुख ट्रेनें हाउसफुल हो चुकी हैं। इन दिनों स्लीपर के साथ-साथ थर्ड और सेकेंड एसी में भी लंबी वेटिंग या नो रूम की स्थिति बन गई है। होली से पहले दिल्ली से कोडरमा आने वाली प्रीमियम ट्रेनों को छोड़ दें तो लगभग सभी मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों में सीटें तेजी से भर चुकी हैं। नई दिल्ली-हावड़ा पूर्वा एक्सप्रेस, कालका मेल, बीकानेर-हावड़ा सुपरफास्ट, जैसलमेर-हावड़ा एक्सप्रेस जैसी ट्रेनों में एक सप्ताह पहले से ही सीटें उपलब्ध नहीं हैं। हावड़ा और सियालदह राजधानी के साथ-साथ दुरंतो एक्सप्रेस में भी बुकिंग का दबाव लगातार बढ़ रहा है। नियमित ट्रेनों में बुकिंग से चूकने वाले यात्रियों को अब होली स्पेशल ट्रेनों की घोषणा का इंतजार है। अधिकांश नियमित ट्रेनों में सीटें पहले ही फुल हो चुकी हैं। इसके अलावा कोहरे के कारण 28 फरवरी तक कई ट्रेनों के फेरों में कटौती किए जाने से यात्रियों की परेशानी और बढ़ गई है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *