नशे और अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत होशियारपुर की दसूहा पुलिस को एक बड़ी सफलता हासिल हुई है। गश्त के दौरान पुलिस ने दो ऐसे शातिर और पेशेवर अपराधियों को गिरफ्तार किया है, जिन पर हत्या, डकैती और आर्म्स एक्ट जैसे एक दर्जन से भी अधिक संगीन मामले दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपियों के पास से प्रतिबंधित नशीली गोलियां, ₹5,000 की ड्रग मनी और एक कार बरामद की है। थाना प्रमुख दलजीत सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि एएसआई राकेश कुमार पुलिस टीम के साथ इलाके में नियमित गश्त पर थे। इसी दौरान एक संदिग्ध कार को रोककर जब उसकी जांच की गई, तो उसमें सवार दो व्यक्तियों की तलाशी ली गई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गुरदासपुर जिले के निवासी मक्खनप्रीत सिंह (निवासी बुडलाड़ा, थाना भैनी मियां खां) और लभा सिंह (निवासी गांव मौजपुर) के रूप में हुई है। पुलिस द्वारा ली गई तलाशी के दौरान मक्खनप्रीत सिंह के कब्जे से 83 नशीली गोलियां और लभा सिंह के कब्जे से 55 नशीली गोलियां बरामद हुईं। थाना प्रमुख ने बताया कि आरोपियों के पास से कुल 138 नशीली गोलियों के अलावा ₹5,000 की नकदी (ड्रग मनी) और अपराध में इस्तेमाल की जा रही कार को भी जब्त कर लिया गया है। दसूहा पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस (NDPS) एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।


