होशियारपुर में मंदिर के दीए से घर में आग:5 कमरे और लाखों का सामान राख, लोगों ने अंदर फंसे बुजुर्ग को निकाला

होशियार पुर के टांडा उड़मुड़ मॉडल टाउन स्थित फौजी कॉलोनी में गुरुवार दोपहर एक घर में अचानक भीषण आग लग गई। आग ने कुछ ही देर में इतना विकराल रूप धारण कर लिया कि घर के पांच कमरों में रखा लाखों रुपए का सामान जलकर खाक हो गया। गनीमत रही कि मोहल्ले के निवासियों ने जान पर खेलकर घर में फंसे एक बुजुर्ग को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। घर के मालिक हरभजन सिंह ने बताया कि दोपहर करीब 12 बजे उनकी पत्नी और बेटी पास के धार्मिक स्थान पर माथा टेकने गई थीं। जाने से पहले उनकी पत्नी ने घर के मंदिर में दीया जलाया था। हरभजन सिंह घर के अंदर सो रहे थे, तभी अचानक दीये से उठी चिंगारी ने आग पकड़ ली और देखते ही देखते 20 मिनट के भीतर आग पूरे घर में फैल गई। आंगन से गाड़ी न निकालते तो होता धमाका जब आग भड़की तो बुजुर्ग हरभजन सिंह घर के अंदर अकेले थे और बाहर से कुंडी लगी होने के कारण फंस गए थे। उनके शोर मचाने पर मोहल्ले के लोग इकट्ठा हुए लोगों ने बड़ी मशक्कत के बाद हरभजन सिंह को सुरक्षित बाहर निकाला। आंगन में खड़ी दो कारों को ट्रैक्टर की मदद से खींचकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया, जिससे एक बड़ा धमाका होने से टल गया। लाखों का नुकसान और दीवारों में दरारें आग की तीव्रता इतनी अधिक थी कि घर में लगे चार एसी (AC), बिस्तर, कीमती फर्नीचर और अन्य घरेलू सामान पूरी तरह राख हो गया। भीषण गर्मी और लपटों के कारण घर की दीवारों में भी गहरी दरारें आ गई हैं। सूचना मिलने पर टांडा पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय निवासियों और फायर फाइटर्स के संयुक्त प्रयासों से करीब ढाई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *