सी.एस.टी. पुलिस जयपुर ने थाना नाहरगढ़ और शास्त्रीनगर क्षेत्र में संयुक्त कार्रवाई करते हुए दो मादक पदार्थ तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के कब्जे से चरस, अफीम, नकद राशि और इलेक्ट्रॉनिक कांटा जब्त किया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1.50 लाख रुपए बताई जा रही है। पुलिस की संयुक्त टीम ने अवैध मादक पदार्थ तस्करों के संबंध में मुखबीर से सूचना मिलने पर कार्ययोजना बनाई और थाना नाहरगढ़ और शास्त्रीनगर (जयपुर नॉर्थ) के साथ संयुक्त कार्रवाई को अंजाम दिया। पहली कार्रवाई थाना नाहरगढ़ क्षेत्र में की गई, जहां जाट के कुएं का रास्ता, पांचवां चौराहा स्थित प्राचीन खाडेश्वर मंदिर के पास गली में अवैध मादक पदार्थ तस्करी की सूचना पर CST टीम ने दबिश दी। मौके से आरोपी कुंदन कुमार शर्मा उर्फ किशन (36) पुत्र विष्णु कुमार निवासी मकान नंबर 3240, जाट के कुएं का रास्ता, पांचवा चौराहा, यज्ञशाला की बावड़ी, बैरवा बस्ती को गिरफ्तार किया गया। आरोपी के कब्जे से 341 ग्राम अवैध मादक पदार्थ चरस, 35,600 रुपए नकद बेचान की राशि और एक इलेक्ट्रॉनिक कांटा जब्त किया गया। इस संबंध में पुलिस थाना नाहरगढ़ जयपुर नॉर्थ पर मामला दर्ज किया गया है। दूसरी कार्रवाई थाना शास्त्रीनगर क्षेत्र में द्रव्यवती नदी, किशन बाग नाले के पास की गई। यहां अवैध रूप से मादक पदार्थ अफीम रखने की सूचना पर CST टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी नवीन सिंह को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से 133 ग्राम अवैध मादक पदार्थ अफीम बरामद की गई। इस संबंध में पुलिस थाना शास्त्रीनगर जयपुर नॉर्थ में गिरफ्तार आरोपी नवीन सिंह (22), पुत्र नरपत सिंह, निवासी गांव गगराना, तहसील मेड़ता, थाना मेड़ता सिटी, जिला नागौर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।


