जैक बोर्ड : टल सकती है मैट्रिक व इंटर की परीक्षा झारखंड एकेडमिक काउंसिल (जैक) द्वारा मैट्रिक और इंटर कला, विज्ञान और वाणिज्य की परीक्षा 11 फरवरी से शुरू होने वाली है। लेकिन तय शिड्यूल के अनुसार इन दोनों परीक्षाओं का एडमिट कार्ड काउंसिल द्वारा जारी नहीं किया गया है। इसकी मुख्य वजह जैक अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का पद 18 जनवरी से खाली है। परीक्षा से संबंधित सभी तरह के गोपनीय कार्य अध्यक्ष की मॉनिटरिंग में होता है। जानकारों के अनुसार अध्यक्ष के बिना परीक्षा का आयोजन मुश्किल है। इसलिए मैट्रिक और इंटर परीक्षा की तिथि टलने की संभावना अधिक हो गई है। एजुकेशन रिपोर्टर| रांची केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) द्वारा आयोजित की जाने वाली 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा-2025 के स्टूडेंट्स के लिए बड़ी खबर है। बोर्ड द्वारा दोनों परीक्षाओं में शामिल होने वाले छात्रों के लिए सोमवार को परीक्षा संगम पोर्टल पर एडमिट कार्ड जारी कर दिया गया है। हालांकि परीक्षार्थी इसे सीधे डाउनलोड नहीं कर सकते हैं। एडमिट कार्ड के लिए स्टूडेंट्स को संबंधित स्कूल से संपर्क करना होगा। संबंधित स्कूल द्वारा सीबीएसई बोर्ड की वेबसाइट cbse.nic.in, cbse.gov.in पर जाकर आईडी और पासवर्ड का उपयोग कर एडमिट कार्ड डाउनलोड किया जा सकता है। बताते चलें कि सीबीएसई बोर्ड के नियमित छात्रों को स्कूल से एडमिट कार्ड लेना होगा। वहीं स्वतंत्र परीक्षार्थी सीबीएसई की वेबसाइट पर जाकर सीधे एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं। जेईई मेंस और नीट की परीक्षाओं को ध्यान में रखते हुए सीबीएसई बोर्ड द्वारा पहले ही 10वीं और 12वीं परीक्षा का शिड्यूल जारी कर दिया गया है। दोनों परीक्षाएं 15 फरवरी से शुरू हो रही है। बताते चलें 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा में कुल 44 लाख स्टूडेंट्स शामिल होंगे। इसमें सीबीएसई से एफिलिएटेड विदेशों में स्थित स्कूल भी शामिल हैं। .सीबीएसई की वेबसाइट cbse.gov.in पर जाएं। .परीक्षा संगम पोर्टल लिंक क्लिक करें। .प्री-एग्जाम एक्टिविटीज टैब पर जाएं, जहां परीक्षा से जुड़ी जानकारी मिलेगी। .एडमिट कार्ड, सेंटर मटेरियल फॉर मेन एग्जाम 2025 लिंक पर क्लिक करें। .स्कूल कोड और पासवर्ड का उपयोग कर छात्रों के एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं।


