भास्कर न्यूज | गिरिडीह सिहोडीह स्थित कुशवाहा छात्रावास परिसर में रविवार को कुशवाहा संघ की जिला इकाई की बैठक हुई। संचालन महामंत्री ओमप्रकाश महतो ने किया। बैठक में 10 अगस्त को लवकुश जयंती मनाने पर सहमति बनी। सावन पूर्णिमा को देखते हुए यह समारोह एक दिन पहले रविवार को छात्रावास में होगा। बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष इंद्रनारायण प्रसाद ने की। उन्होंने कहा कि कोडरमा लोकसभा में कुशवाहा समाज की संख्या कम नहीं है। इसके बावजूद राजनीतिक भागीदारी बहुत कम है। पंचायत से लेकर जिला स्तर तक भागीदारी बढ़ाने के लिए संगठन को मजबूत करना जरूरी है। इसके लिए समाज के लोग अब जागरूक हो रहे हैं। समारोह को सफल बनाने के लिए जिला कमिटी की टीम 22 से 26 जुलाई तक क्षेत्र भ्रमण करेगी। समारोह से जुड़े कार्यों के बंटवारे और रणनीति तय करने के लिए अगली बैठक 27 जुलाई को छात्रावास में होगी। इसमें जिला कमेटी के साथ सभी प्रखंडों के अध्यक्ष, मंत्री और कोषाध्यक्ष की उपस्थिति अनिवार्य रहेगी। बैठक में प्रचार-प्रसार के लिए तीन टीमों का गठन किया गया। जिम्मेदारी जिलाध्यक्ष इंद्रनारायण प्रसाद, महामंत्री ओमप्रकाश महतो, कोषाध्यक्ष डॉ. कुलदीप नारायण, कार्यकारी अध्यक्ष मुन्ना कुशवाहा, दिगंबर प्रसाद दिवाकर, युवा जिला प्रमुख दीपक वर्मा, तारकेश्वर वर्मा, रामदेव वर्मा, सुरेंद्र कुशवाहा, राजेंद्र प्रसाद, महेंद्र वर्मा, हरीनंदन वर्मा, बैजनाथ वर्मा उर्फ बैजू और रमाकांत वर्मा को दी गई।


