भास्कर न्यूज | बसदेई सूरजपुर जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई कर गांजा तस्करी का भंडाफोड़ किया है। चौकी बसदेई पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई कर 2 लाख 50 हजार रुपए का 10 किलो 850 ग्राम गांजा जब्त किया है। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी भाग गया। 25 जनवरी को बसदेई चौकी पुलिस को सूचना मिली थी कि स्वीफ्ट कार क्रमांक सीजी 11 बीडी 8383 में तीन व्यक्ति गांजा लेकर बेचने के लिए ग्राम बड़सरा से कुसमुसी की ओर आने वाले हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने कुसमुसी मेन रोड पर घेराबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की। इसी दौरान संदिग्ध स्वीफ्ट कार को रुकवाया। कार रुकते ही उसमें सवार एक व्यक्ति पुलिस को देखकर मौके से भाग गया, जबकि दो अन्य व्यक्तियों को पुलिस ने मौके पर पकड़ लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान मुकेश कंवर पिता रामगोपाल, उम्र 25 वर्ष, निवासी ग्राम कटोरी, चौकी जटगा, थाना कटघोरा, जिला कोरबा व योगेश कंवर उर्फ सोनू पिता लक्ष्मण सिंह कंवर, उम्र 26 वर्ष, निवासी ग्राम केसलपुर, चौकी जटगा, थाना कटघोरा, जिला कोरबा के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान आरोपियों से 10 किलो 850 ग्राम गांजा बरामद किया गया। इसकी अनुमानित कीमत 2 लाख 50 हजार बताई जा रही है। पुलिस ने गांजा के साथ परिवहन में प्रयुक्त स्वीफ्ट कार, दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 20(बी) नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंस एक्ट के तहत कार्रवाई कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में फरार आरोपी की तलाश की जा रही है।


