10 जनवरी को आक्रोश मार्च निकाल राजभवन के घेराव का लिया निर्णय

भास्कर न्यूज|लोहरदगा लोहरदगा जिला कांग्रेस कार्यालय राजेंद्र भवन में भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन के बैनर तले एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष मनौव्वर आलम ने की। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन के राष्ट्रीय महासचिव सह झारखंड प्रभारी चुन्नू सिंह व झारखंड प्रदेश अध्यक्ष विनय उरांव उपस्थित रहे। बैठक में संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने, छात्र हितों के मुद्दों को प्राथमिकता देने तथा छात्रवृत्ति में हो रही कटौती के खिलाफ आंदोलन तेज करने पर विस्तृत चर्चा हुई। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि आगामी 10 जनवरी को मोरहाबादी मैदान से लोकभवन यानी राजभवन तक छात्र आक्रोश मार्च निकाला जाएगा व राजभवन का घेराव किया जाएगा। बैठक में बताया गया कि केंद्र सरकार द्वारा निर्धारित 60 प्रतिशत अन्य पिछड़ा वर्ग छात्रवृत्ति की राशि झारखंड सरकार को लगातार कम दी जा रही है। इससे राज्य के लगभग 4 लाख 30 हजार छात्र-छात्राओं का भविष्य अंधकारमय हो गया है। वर्ष 2023-24 में 271 करोड़ रुपए की मांग के विरुद्ध मात्र 71 करोड़ रुपए मिले। वर्ष 2024-25 में 253 करोड़ रुपए की मांग पर केवल 33 करोड़ रुपए प्राप्त हुए, जबकि वर्ष 2025-26 में 370 करोड़ रुपए की मांग पर सिर्फ 13 करोड़ रुपए दिए गए। इस अवसर पर राष्ट्रीय महासचिव चुन्नू सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार झारखंड के छात्रों के साथ घोर अन्याय कर रही है। प्रदेश अध्यक्ष विनय उरांव ने कहा कि जब तक छात्रों को उनका अधिकार नहीं मिलेगा, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। बैठक में जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष मोहन दुबे, युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष मोहम्मद दानिश अली सहित काफी संख्या में छात्र नेता व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *