10 दिन में 2199 किसानों ने 12,770 MT धान बेची:44 केंद्रों पर खरीदी शुरू, 27,949 किसानों ने कराया पंजीयन

उमरिया जिले में 1 दिसंबर से शुरू हुए धान उपार्जन कार्य ने शुरुआती 10 दिनों में ही गति पकड़ ली है। अब तक 2199 किसानों ने अपनी 12,770 मीट्रिक टन धान बेची है। यह खरीदी जिले के 44 उपार्जन केंद्रों पर की गई है। जिले में कुल 27,949 किसानों ने धान उपार्जन के लिए पंजीयन कराया है। इनमें से 18,598 किसानों ने अपनी उपज बेचने के लिए ऑनलाइन स्लॉट बुक किए हैं। प्रशासन के अनुसार, स्लॉट बुकिंग प्रणाली से खरीदी केंद्रों पर भीड़ कम हुई है और किसानों को सुविधा मिली है। इस वर्ष जिले में कुल 44 उपार्जन केंद्र स्थापित किए गए हैं। इनमें से 13 केंद्र गोदामों में और 31 केंद्र समितियों के सुरक्षित स्थानों पर संचालित हो रहे हैं। उपार्जन केंद्रों पर तौल, कटाई, बोरियों की उपलब्धता और परिवहन सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। किसानों को भुगतान प्रक्रिया भी तेजी से की जा रही है। 10 दिसंबर तक 30 करोड़ रुपए से अधिक की राशि सीधे किसानों के बैंक खातों में जमा की जा चुकी है। जिले में इस वर्ष लगभग 50,000 हेक्टेयर क्षेत्र को धान उपार्जन के लिए पंजीकृत किया गया है। इस रकबे के लिए 27,949 किसानों ने पंजीयन कराया था।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *