10 मई तक आ सकते हैं 10वीं-12वीं बोर्ड के नतीजे:छत्तीसगढ़ में कॉपियों की जांच अंतिम चरण में, 5.71 लाख छात्र-छात्राओं ने दिया था एग्जाम

छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल की 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा में शामिल हुए लाखों छात्रों के लिए बड़ी अपडेट है। परीक्षा खत्म होने के बाद से ही कॉपियों की जांच जारी है। अब यह काम आखिरी दौर में पहुंच गया है। उम्मीद की जा रही है कि इस बार 10 मई तक बोर्ड के नतीजे जारी कर दिए जाएंगे। इस बार 10वीं और 12वीं की परीक्षा में कुल 5.71 लाख छात्र शामिल हुए थे। इनकी उत्तरपुस्तिकाओं की जांच 26 मार्च से प्रदेशभर में बनाए गए 36 मूल्यांकन केंद्रों पर हो रही है। पहले चरण में उन विषयों की कॉपियों की जांच की गई जिनकी परीक्षा 18 मार्च तक पूरी हो गई थी। अब बचे हुए विषयों की जांच की जा रही है, जो दूसरे चरण में शामिल हैं। 28 मार्च तक चलीं बोर्ड परीक्षाएं 10वीं की परीक्षा 24 मार्च को खत्म हुई थी। इसमें 17 मार्च तक हिंदी, अंग्रेजी, गणित, विज्ञान, सामाजिक विज्ञान और व्यवसायिक विषयों के पेपर हो चुके थे। इसके बाद 21 मार्च को तृतीय भाषा और 24 मार्च को विशेष आवश्यकता वाले छात्रों के लिए संगीत, ड्राइंग और पेंटिंग की परीक्षा हुई थी। वहीं, 12वीं की परीक्षा 28 मार्च तक चली थी। इसमें भी अधिकतर मुख्य विषयों की परीक्षा 18 मार्च तक ही हो गई थी, जैसे कि हिंदी, अंग्रेजी, इतिहास, भूगोल, भौतिकी, रसायन, समाजशास्त्र और राजनीतिक विज्ञान। रिजल्ट तैयार करने में लगेगा 20 दिनों का समय बोर्ड अधिकारियों के मुताबिक इस बार कॉपियों की जांच 17 अप्रैल तक पूरी करने का टारगेट रखा गया था।1 से 2 दिनों में मूल्यांकन लगभग पूरा हो जाएगा और इसके रिजल्ट तैयार करने की प्रक्रिया शुरू होने वाली है, जिसमें लगभग 20 दिन लगेंगे। यही वजह है कि रिजल्ट 10 मई तक आने की संभावना है। छात्रों को मिलेंगे बोनस नंबर छत्तीसगढ़ बोर्ड परीक्षा में खेल, स्काउट-गाइड, एनसीसी, एनएसएस, साक्षरता जैसे क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को बोनस अंक दिए जाते हैं। यह बोनस अंक राज्य, राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शन के आधार पर दिए जाते हैं, जिसमें राज्य स्तर के लिए 10 अंक, राष्ट्रीय स्तर के लिए 15 अंक और अंतर्राष्ट्रीय स्तर के लिए 20 अंक शामिल हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *