सिरोही में 5 साल के मासूम की 100 फीट गहरे कुएं में गिरने से मौत हो गई। बच्चा गुरुवार रात साढ़े 10 बजे घर के बाहर खेल रहा था। खेलते-खेलते वह कुएं में गिर गया। मामला आबूरोड सदर थाना क्षेत्र के डेरना गांव का है। सदर थाना अधिकारी दर्शन सिंह ने बताया- गुरुवार रात पौने 11 बजे सूचना मिली कि थाना से 12 किलोमीटर दूर डेरना गांव के खेत में कुएं में राहुल उर्फ रवि (05) पुत्र मोतीराम गिर गया है। परिवार खेत पर मकान बनाकर रहता है। सूचना पर पुलिस की टीम के साथ प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। इनमें सदर थानाधिकारी दर्शन सिंह, पिंडवाड़ा सीओ भंवरलाल चौधरी, आबूरोड तहसीलदार मंगलाराम मीणा और रीको थानाधिकारी लक्ष्मण सिंह शामिल थे। माउंट आबू से पहुंचा बचाव दल
दर्शन सिंह ने बताया- माउंट आबू नगर पालिका के आपदा दल को सूचना दी गई। जिस पर आपदा दल की टीम रात 12:15 बजे गांव में पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। 2 घंटे के रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद बच्चे को बाहर निकाला जा सका। जहां उसे आबूरोड अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सदर थाना अधिकारी दर्शन सिंह ने बताया- परिजनों की रिपोर्ट मिलने बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। शव को अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवा दिया है।


