मैहर में मंगलवार की दोपहर राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे के सम्मान को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एक अनोखा प्रदर्शन किया। प्रभात द्विवेदी और दिलीप तिवारी के नेतृत्व में कांग्रेसियों ने तिरंगा फहराने के अधिकार की मांग करते हुए शाष्टांग यात्रा निकाली। कांग्रेस नेताओं ने बताया कि मैहर के अग्रसेन तिराहे पर स्थित 100 फीट ऊंचे पोल पर कई दिनों से तिरंगा नहीं फहराया गया है। उनका आरोप है कि यह स्थिति कोई नई नहीं है, बल्कि बीते कई वर्षों से यही हालात बने हुए हैं। विरोध होने पर ही नगर पालिका कर्मचारी तिरंगा फहराने की औपचारिकता पूरी करते हैं। कांग्रेसियों ने इस स्थिति को शर्मनाक बताया। उन्होंने कहा कि जिस शहर में राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए नागरिकों को शाष्टांग यात्रा जैसा कदम उठाना पड़े, वह प्रशासन की गहरी नींद और सरकार की जनभावनाओं के प्रति उदासीनता को दर्शाता है। प्रभात द्विवेदी और दिलीप तिवारी ने स्पष्ट किया कि यह शाष्टांग यात्रा केवल एक विरोध नहीं, बल्कि सोए हुए प्रशासन और सरकार को जगाने का प्रयास है। उन्होंने जोर दिया कि तिरंगे का सम्मान किसी एक दल का नहीं, बल्कि पूरे देश का गौरव है। जनता को इसके लिए सड़क पर उतरने को मजबूर होना व्यवस्था की विफलता है। मैहर नगर पालिका अधिकारी राहुल पटेल ने बताया कि मामला संज्ञान में नहीं था जल्द से जल्द सम्मान के तिरंगा झंडा लगाया जाएगा देखिए तस्वीरें…


