जोधपुर के कुड़ी भगतासनी हाउसिंग बोर्ड थाना इलाके में एक मकान में चोरी हो गई। चोरों ने शादी वाले घर में चोरी की वारदात को अंजाम देते हुए नकदी और जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। वारदात मंगलवार रात कुड़ी भगतासनी हाउसिंग बोर्ड सेक्टर-2 स्थित एक मकान में हुई। थाने में दी रिपोर्ट में अंकित मत्तड़ निवासी भगतासनी हाउसिंग बोर्ड ने बताया 16 दिसंबर की शाम करीब छह बजे भाई के साथ बाइक पर चाचा के घर गए थे। रात करीब एक बजे वह और उनकी मां वापस लौटे तो देखा घर का मेन गेट टूटा हुआ था। अंदर जाकर देखा तो अलमारी, तिजोरी और कमरे में रखा सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था। इस पर पुलिस को सूचना दी। अंकित ने बताया- बहन की शादी 11 दिसंबर को हुई थी। शादी के बाद जेवर, नकदी आदि घर पर ही रखे थे। चोर तिजोरी तोड़कर सब कुछ ले उड़े। ये सामान हुआ चोरी
चोर मकान से 68 हजार रुपए, सोने की बाली (6 ग्राम), सोने का सेट (50 ग्राम), चांदी के सिक्के (400 ग्राम), चांदी की गिलासें (160 ग्राम), चांदी के गणेश-लक्ष्मी के सिक्के (40 ग्राम), चांदी का कछुआ (45 ग्राम), चांदी की छोटी वस्तुएं (कुल 550 ग्राम लगभग), चांदी की मछली (20 ग्राम) आदि चुराकर ले गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। घर से फुटप्रिंटस और फिंगरप्रिंट सैंपल लिए गए हैं। वहीं पुलिस आस-पास के सीसीटीवी कैमरों की भी जांच कर रही है।


