भास्कर संवाददाता| थरेट समाज में एकता, भाईचारे की भावना एवं सामाजिक समरसता को मजबूत करने के उद्देश्य से 11 जनवरी को कस्बे के हायर सेकेंडरी स्कूल परिसर में आयोजित होने जा रहे विशाल हिंदू सम्मेलन को लेकर जोर-शोर से तैयारियां की जा रही हैं। सम्मेलन को सफल बनाने के लिए थरेट मंडल क्षेत्र के गांवों में व्यापक जनसंपर्क एवं प्रचार-प्रसार अभियान चलाया जा रहा है। हिंदू सम्मेलन में अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए टोडा, पहाड़, पहाड़ी, ईगुई, आलमपुर खुर्द, कंजौली, पचेरा, सिंहपुर सहित आसपास के गांवों में हिंदू समाज के लोगों द्वारा घर-घर जाकर पत्रक वितरित किए जा रहे हैं। लोगों को सम्मेलन के उद्देश्य से अवगत कराते हुए उन्हें परिवार सहित उपस्थित होने का आमंत्रण दिया जा रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार को थरेट मंडल के ईगुई एवं आलमपुर खुर्द गांवों में स्वयंसेवकों द्वारा सकल हिंदू समाज के लोगों को “संगठन की सेवा के सौ वर्ष आओ बनाएं समर्थ भारत” विषयक पत्रक एवं भारत माता का चित्र भेंट कर सम्मेलन में शामिल होने का आग्रह किया गया। सम्मेलन को भव्य और विशाल स्वरूप देने के लिए कस्बे में प्रमुख स्थानों पर बड़े-बड़े होर्डिंग भी लगाए जा रहे हैं। आयोजकों के अनुसार सम्मेलन के दिन कस्बे में भव्य शोभायात्रा भी निकाली जाएगी, जिसमें बड़ी संख्या में हिंदू समाज के लोग शामिल होंगे। जनसंपर्क अभियान के दौरान बड़ी संख्या में स्वयंसेवक एवं समाजसेवी कार्यकर्ता मौजूद रहे।


