लूणी थाना पुलिस ने ठेके पर मारपीट और आगजनी के मामले में लगभग 11 माह से फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस मामले में एक आरोपी पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। ये है मामला थाने में 12 जनवरी 2025 को दी रिपोर्ट में बताया कि खेजड़ली में महेश के पास सरकारी शराब की दुकान है 11 जनवरी की रात सहयोगी देवीसिंह के साथ दुकान के पास खाना बना रहा था, तभी एक स्विफ्ट कार में सवार तीन युवक शराब मांगने आए। शराब देने से इनकार करने पर आरोपी भड़क गए और मारपीट करते हुए जातिसूचक शब्द कहकर मौके से चले गए। करीब एक घंटे बाद तीनों आरोपी वापस लौटे। इस दौरान दुकान के अंदर सो रहे सेल्समैन पर हमला करते हुए आरोपियों ने बीयर की बोतलों में पेट्रोल भरकर पेट्रोल बम बनाए और दुकान को आग लगाने का प्रयास किया। दो पेट्रोल बम दुकान पर फेंककर आरोपी फरार हो गए। पीड़ितों ने किसी तरह पानी से आग बुझाई, जिससे बड़ा हादसा टल गया। 11 माह से थे फरार इस संबंध में पुलिस थाने में मामला दर्ज होने पर थानाधिकारी डॉ. हनवन्त सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम की गई। पुलिस ने इस मामले में पूर्व एक आरोपी नैनाराम पुत्र हरलालराम निवासी खेजड़ली को गिरफ्तार किया था। वहीं दो आरोपी लंबे समय से फरार चल रहे थे। अब पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अनिल (27) पुत्र राजूराम विश्नोई और भूपेन्द्र सियाग उर्फ भजनलाल (27) पुत्र मांगीलाल विश्नोई निवासी बिरामी, जोधपुर को गिरफ्तार किया है।


