धौलपुर में माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की 12वीं कक्षा के भूगोल प्रैक्टिकल परीक्षा में गंभीर विवाद सामने आया है। बोर्ड द्वारा नियुक्त एग्जामिनर राजेश कुमार ने एक निजी स्कूल संचालक पर नकल कराने का दबाव बनाने का आरोप लगाया है। घटना सोमवार की है, जब राजेश कुमार प्रैक्टिकल परीक्षा लेने स्कूल पहुंचे। उनका आरोप है कि स्कूल संचालक ने उन पर छात्रों को नकल कराने का दबाव बनाया और विरोध करने पर अभद्र व्यवहार किया। इस पर एग्जामिनर बिना परीक्षा कराए वापस लौट गए और जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) को लिखित शिकायत सौंप दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए DEO सुक्खो देवी रावत ने तुरंत कार्रवाई करते हुए स्कूल संचालक को कार्यालय में तलब किया। दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस के बाद DEO ने स्वयं एग्जामिनर और अन्य कर्मचारियों के साथ स्कूल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान स्कूल में बहुत कम छात्र उपस्थित पाए गए। इस बीच, स्कूल संचालक ने भी माध्यमिक शिक्षा बोर्ड को पत्र लिखकर राजेश कुमार के स्थान पर दूसरे एग्जामिनर की नियुक्ति की मांग की है। DEO सुक्खो देवी रावत ने दोनों पक्षों की शिकायतों पर जांच शुरू कर दी है और कहा है कि जांच के बाद दोषी पक्ष के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।


