12 आपराधिक मामलों का आरोपी कैलाश यादव गिरफ्तार:कबाड़ व्यवसायी से लूट और मारपीट का आरोपी साथी के साथ पकड़ा गया

जशपुर जिले के बगीचा थाना क्षेत्र में पुलिस ने निगरानी बदमाश कैलाश यादव को गिरफ्तार किया है। कैलाश और उसके साथी मंजीत राम ने एक कबाड़ व्यवसायी से लूट की वारदात को अंजाम दिया था। घटना 2 जून की है। पश्चिम बंगाल के रहने वाले और वर्तमान में बगीचा में कबाड़ी का काम करने वाले साजाहन शेख पंडरापाठ से सामान लेकर लौट रहे थे। रौनीघाट के पास कार में सवार दो युवकों ने उन्हें रोका। आरोपियों ने धमकी देकर उनका पर्स छीन लिया। विरोध करने पर साजाहन को पटक-पटककर मारा। आरोपियों ने पर्स में रखे 1200 रुपए और मोबाइल लूट लिए। कुछ दूर जाकर मोबाइल वापस कर दिया और फरार हो गए। एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देश पर पुलिस टीम ने तहसील चौक के पास से आरोपियों की कार को रोककर दोनों को पकड़ लिया। पूछताछ में दोनों ने अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने लूटी गई नकदी और वाहन जब्त कर लिए हैं। मुख्य आरोपी कैलाश यादव झगरपुर का रहने वाला है। वह पहले से ही थाना स्तर पर निगरानी बदमाश घोषित है। जशपुर जिले में उस पर लूट, बलात्कार, हत्या का प्रयास और मारपीट के 12 मामले दर्ज हैं। सरगुजा रेंज के अन्य जिलों में भी उस पर हत्या, लूट और चोरी के मामले दर्ज है। कई आपराधिक मामलों में लिप्त आरोपी पर जिला बदर की तैयारी झगरपुर निवासी कैलाश यादव के खिलाफ पहले भी पुलिस से टकराव और आपराधिक गतिविधियों के कई मामले सामने आ चुके हैं। आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड और उसके चलते आम लोगों में फैल रहे भय को देखते हुए अब उसे जिला बदर (तड़ीपार) करने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने बताया कि कैलाश यादव थाना बगीचा का निगरानी बदमाश है, जिसके खिलाफ हत्या, हत्या की कोशिश, मारपीट, लूट, हमला और दुष्कर्म जैसे गंभीर अपराधों के कई केस दर्ज है। उन्होंने कहा कि यदि जरूरत पड़ी तो उसे जिले से निष्कासित (तड़ीपार) करने की कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *