12 को गीत -संगीत स्पर्धा, 13 को निकलेगी रैली , 50 चर्चों के 6 हजार लोग होंगे शामिल

सिटी रिपोर्टर| बिलासपुर क्रिसमस की तैयारियां शहर में शुरू हो गई हैं। संयुक्त मसीही संगठन का कार्यक्रम शुरू हो गया है। एक तरफ ईसाई समुदाय के लोग घरों में जाकर प्रभु यीशु का संदेश दे रहे हैं। घरों को सजाने का कार्य भी शुरू हो गया है। मार्केट भी क्रिसमस सेलिब्रेशन के लिए तैयार है। वहीं चर्चों में गीत-संगीत चल रहा है। इधर संयुक्त मसीही संगठन द्वारा क्रिसमस कराने और इसकी तैयारियों को लेकर बैठक ली गई। बैठक में निर्णय लिया गया कि बर्जेश ग्राउंड में दो दिवसीय कार्यक्रम होगा। इसमें 12 दिसंबर को शाम 6 बजे क्रिसमस गीत-संगीत प्रतियोगिता होगी। सामूहिक गीत के लिए 5 मिनट का समय दिया जाएगा। वहीं एकल गीत के लिए 3 मिनट का समय है। कोरियोग्राफी प्रतियोगिता होगी। प्रत्येक ग्रुप को प्रस्तुति के लिए 15 मिनट का समय मिलेगा। प्रस्तुति क्रिसमस या बाइबिल पर आधारित होनी चाहिए। प्रेजेंटेशन, ड्रेस, म्यूजिक, कांसेप्ट और डांस को देखकर नंबर दिया जाएगा। इसके आधार पर विजेता घोषित होंगे। 13 दिसंबर को क्रिसमस रैली शाम 4.30 बजे बर्जेश ग्रांउड से निकाली जाएगी। इसमें 50 चर्च के 6 हजार से अधिक लोग शामिल होंगे। इसमें सभी को पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता का संदेश देने कहा गया है। साथ ही निर्देश दिया गया ​है रैली में केवल क्रिसमस के ही गाने बजाए जाएंगे। सभी को ट्रैफिक का ध्यान रखना है। बैठक में अध्यक्ष जयदीप रॉबिंसन, उपाध्यक्ष डॉ. राजीव पीटर्स, सचिव डॉ. रत्नेश कुमार, कोषाध्यक्ष प्रखर पटेल, सहसचिव हेरी डेनियल, कार्यकारिणी सदस्य विनय वानी, हिमांशु जेकब, मिनेश चरण, संदीप तिमोथी सहित अन्य मौजूद रहे। 13 दिसंबर को बर्जेश ग्राउंड से शाम 4.30 बजे क्रिसमस रैली निकलेगी। यह अग्रसेन चौक, सीएमडी चौक, इंदिरा गांधी चौक, टैगोर चौक, गांधी चौक, गोल बाजार, देवकीनंदन चौक, बृहस्पति बाजार चौक, राजेंद्र नगर चौक, मंदिर चौक, राजीव गांधी चौक होते हुए बर्जेश स्कूल ग्राउंड पहुंचकर समाप्त होगी। 24 को होगी विशेष आराधना: डिसाइपल्स ऑफ क्राइस्ट चर्च, सिविल लाइन बिलासपुर में क्रिसमस पर आयोजन हो रहे हैं। चर्च प्रबंधन द्वारा जारी कार्यक्रम विवरण के अनुसार 5 जनवरी तक विभिन्न धार्मिक व सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। प्रार्थना सभाएं शुरू हो गई हैं। यह लगातार 23 दिसंबर तक चलेगा। 24 दिसंबर को वॉच नाइट सर्विस और विशेष भजन-आराधना होगी। 25 दिसंबर को क्रिसमस डे पर क्रिसमस लव फेस्ट एवं पारिवारिक मिलन होगा। 28 दिसंबर को फैमिली संडे एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी। 31 दिसंबर को न्यू ईयर वॉच नाइट सर्विस होगा। क्रिसमस को लेकर बाजार सज गया है। दुकानदारों का कहना है कि इस बार लाइट क्रिसमस ट्री, सांता बैलून, हैंगिंग सांता क्लॉज खास हैं। वहीं केक और चॉकलेट्स में भी कई वैरायटी आई है। इनमें इंडियन से लेकर लोग विदेशी फ्लेवर्स में यूरोपियन, मेक्सिकन और इटालियन पसंद कर रहे हैं। इसके अलावा भी कई तरह की चॉकलेट हैं। वहीं इस बार दुकानदारों के अनुसार क्रिसमस ट्री, सांता बैलून, लाइट और हैंगिंग सांता क्लॉज में इस बार दाम नहीं बढ़े हैं। सजावटी सामान की बिक्री शुरू हो गई है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *