डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी यूनिवर्सिटी (डीएसपीएमयू) की स्टूडेंट यूनियन के ऑफिस से सुरक्षा गार्ड को हटाने को लेकर छात्रों ने प्रशासनिक भवन में सुबह 9 बजे ताला जड़ दिया, जो शाम 5 बजे तक नहीं खुला। इस कारण विवि के ऑफिस से संबंधित सभी कार्य ठप रहे। प्रभारी वीसी अंजनी कुमार मिश्र मुख्यालय नहीं आए थे। वहीं रजिस्ट्रार समेत अन्य अधिकारी और स्टाफ तालाबंदी के कारण अपने कार्यालय में नहीं जा सके। प्रशासनिक भवन बंद देख रजिस्ट्रार अपने विभाग (फिजिक्स) में गईं, वहां भी प्रदर्शनकारी पहुंच गए और रजिस्ट्रार डॉ. नमिता सिंह, डीएसडब्ल्यू डॉ. सर्वोत्तम कुमार, प्रॉक्टर डॉ. राजेश कुमार सिंह, संपदा अधिकारी शिवजी तिवारी का घेराव किया। घेराव के क्रम में कई बार विवि अधिकारियों से तीखी नोंक-झोंक भी हुई। इस क्रम में रजिस्ट्रार डॉ. नमिता सिंह दो बार भावुक भी हो गईं, उनकी आंखों में आंसू छलक आए। जेसीएम, एसीएस, आरजेडी, एनएसयूआई के बैनर तले प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने बताया कि स्टूडेंट्स ऑफिस में निजी सुरक्षा गार्ड कैसे रह रहा है। सुरक्षा गार्ड मुहैया कराने वाली एजेंसी से स्टूडेंट यूनियन ऑफिस का किराया वसूल किया जाए। पुलिस की मौजूदगी में छात्रों की मांग पूरी होने के बाद घेराव खत्म हुआ। इसका नेतृत्व सचित रंजन, दया राम, अमन तिवारी, असद फेरा समेत छात्र कर रहे थे।


