12 टीमें जिला अस्पताल, अनुमंडलीय, रेफरल, सीएचसी और पीएचसी में सुविधाओं में कमी पर देंगी रिपोर्ट

हेल्थ रिपोर्टर | रांची स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह के निर्देश पर राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत सभी कार्यक्रमों और योजनाओं के सफल क्रियान्वयन एवं अनुश्रवण के लिए स्टेट रिव्यू मिशन (एसआरएम) का गठन किया गया। स्वास्थ्य विभाग के उपनिदेशक और राज्य नोडल पदाधिकारियों की अगुवाई में एनएचएम के परामर्शियों और समन्यवकों की जवाबदेही तय करते हुए कुल 12 टीमें गठित की गई हैं। ये टीमें जिलों में जाकर सदर अस्पताल, अनुमंडलीय अस्पताल, रेफरल अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, स्वास्थ्य उपकेंद्र और आयुष्मान आरोग्य मंदिर का भ्रमण कर राज्य स्तर पर रिपोर्ट देंगी। टीम के सदस्यों के लिए शुक्रवार को नामकुम स्थित आरसीएच सभागार में प्रशिक्षण का आयोजन किया गया। इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अभियान निदेशक अबु इमरान ने कहा कि हमारा मुख्य उद्देश्य मरीजों को बेहतर चिकित्सा उपलब्ध कराना होना चाहिए। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा दी जा रही सुविधाओं में कमी के आकलन और सहयोगात्मक पर्यवेक्षण के लिए राज्य स्तरीय टीम का गठन किया गया है, जो जिलों के स्वास्थ्य संस्थानों का दौरा कर इस दिशा में काम करेंगी। निदेशक प्रमुख स्वास्थ्य सेवाएं डॉ. चंद्र किशोर शाही ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में वंचित और अभावग्रस्त लोगों के लिए विशेष भागीदारी सुनिश्चित करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि समुदाय में डिमांड जेनरेट होगा, तभी लक्ष्य की प्राप्ति होगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *