12 बस्तियों में एक साथ गूंजा हिंदू एकता का संदेश:बड़वानी में संतों के उद्बोधन और बौद्धिक सत्रों से विराट हिंदू सम्मेलन संपन्न

बड़वानी में सकल हिंदू समाज की ओर से गुरुवार को विराट हिंदू सम्मेलन का आयोजन किया गया। संघ के शताब्दी वर्ष और युगाब्द 5127 के अवसर पर नगर की 12 बस्तियों में यह सम्मेलन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस दौरान पूरा बड़वानी नगर भगवा पताखाओं से सुसज्जित होकर भगवामय नजर आया। सम्मेलन की तैयारियां पिछले एक महीने से चल रही थीं। इसके तहत घर-घर अक्षत, करपत्रक और भगवा ध्वज वितरित किए गए। मातृशक्ति की ओर से कलश यात्राएं और हल्दी-कुमकुम कार्यक्रम आयोजित हुए। प्रभात और सायं राम फेरी भजन-संगीत के साथ निकाली गईं, जिससे नगर में भक्तिमय वातावरण बना रहा। संघ के शताब्दी वर्ष की प्रेरणादायी गाथा प्रस्तुती आयोजन समिति के अनुसार, कृष्ण पक्ष द्वादशी तिथि को देर शाम सम्मेलन प्रारंभ हुआ। विभिन्न स्थलों पर संत-महात्माओं और कथा वाचकों ने उद्बोधन दिए। बौद्धिक सत्रों में हिंदुत्व, हिंदू जीवनशैली, समाज जागरण और पंच परिवर्तन जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। मुख्य वक्ता ने संघ के शताब्दी वर्ष की प्रेरणादायी गाथा प्रस्तुत की। यह सम्मेलन हनुमान बस्ती, वैष्णवी बस्ती, वाल्मिकी बस्ती, श्रीकृष्ण बस्ती, शिवाजी बस्ती, माधव बस्ती, रामकुल्लेश्वर बस्ती, भवानी बस्ती, सिद्धेश्वर बस्ती, बजरंग बस्ती, केशव बस्ती और नीलकंठेश्वर बस्ती सहित कुल 12 बस्तियों में आयोजित किया गया। सहभोज के साथ सम्मेलन का समापन किया कार्यक्रम हनुमान मंदिर सेगांव, नर्मदेश्वर मंदिर, शिव मंदिर, रामकुल्लेश्वर मंदिर और अयोध्या धाम जैसे विभिन्न स्थलों पर संपन्न हुए। सांस्कृतिक और नाट्य प्रस्तुतियों के बाद बौद्धिक कार्यक्रम हुए। अंत में सहभोज के साथ सम्मेलन का समापन किया गया। इस आयोजन में बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे, जिससे पूरे नगर में हिंदू एकता और उत्साह का वातावरण बना रहा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *