भास्कर न्यूज | संगरूर सोमवार को कामकाज के लिए घरों से निकल कर हाईवे पर आने से लोगों को मुश्किलों का सामना करना पड़ सकता है। जरूरी न हो तो आज शाम 4 बजे तक यात्रा करने से बचें क्योंकि किसानी मांगों को लेकर विभिन्न किसान और संघर्षशील संगठनों की ओर से आज पंजाब बंद का आह्वान किया गया है। बंद के दौरान सुबह 7 बजे से शाम 4 बजे तक सड़क और रेल यातायात को ठप रखने का दावा किया गया है। किसानों के इस संघर्ष को विभिन्न व्यापारिक, सामाजिक और कर्मचारी संगठनों का समर्थन भी प्राप्त है। बंद के दौरान रेल यातायात, बस यातायात और निजी वाहनों के चक्के जाम रह सकते हैं। भाकियू आजाद के राज्य प्रतिनिधि जसविंदर लौंगोवाल और दिलबाग हरीगढ़ ने कहा कि किसानी मांगों को लेकर संयुक्त किसान मोर्चा गैर राजनीतिक और किसान मजदूर मोर्चा 13 फरवरी से पंजाब हरियाणा बार्डर पर डटा है। जगजीत डल्लेवाल 26 नवंबर से खनौरी बार्डर पर अनशन पर बैठे हैं। शांतिपूर्वक ढंग से दिल्ली पैदल बढ़ने वाले किसानों पर हरियाणा पुलिस पानी की बौछारें और आंसू गैस के गोले बरसा रही है। इसके रोष स्वरूप 30 दिसंबर को पंजाब बंद का ऐलान किया गया है। पंजाब भर में इमरजेंसी सेवाओं को छोड़ कर हर तरह का व्यापार बंद रखा जाएगा। सड़कों व रेलवे ट्रैक पर धरने देकर यातायात को ठप रखा जाएगा। इस संबंधी गांवों में बैठकें कर सभी तैयारियों को पूरा कर लिया गया है। पंजाब के समूृह व्यापारियों, मजदूरों, ड्राइवरों, संघर्षशील संगठनों ने बंद को समर्थन दिया है। सुनाम मानसा रोड पर बस स्टैंड चीमा, सुनाम लहरा मेन रोड अनाज मंडी के सामने, संगरूर के नानकियाना चौक, संगरूर पातडां रोड दिड़बा, संगरूर-बरनाला रोड बडरूखां, लौंगोवाल शेरों रोड ड्रेन पुल लौंगोवाल, संगरूर-लुधियाना रोड बस स्टैंड लड्डा, संगरूर-पटियाला रोड भवानीगढ़, लहरा सुनाम रोड नहर पुल, टी प्वाइंट टोहाना पातड़ां रोड मूनक, संगरूर-पातड़ां रोड सूलरघराट, संगरूर-सुनाम रोड बस स्टैंड कुलारा पर धरना देकर सड़क यातायात को ठप किया जाएगा। गुरने कलां रेलवे स्टेशन पर धरना देकर जाखल-लुधियाना रेल लाइन को ठप किया जाएगा।


