अमृतसर| गुरु नानक देव यूनिवर्सिटी के इलेक्ट्रॉनिक्स और संचार इंजीनियरिंग विभाग ने प्लेसमेंट में नया रिकॉर्ड बनाया है। बीटेक (ईसीई) कोर्स के 8 छात्रों को भारत सरकार की नवरत्न कंपनी भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड ने 13 लाख रुपए सालाना पैकेज पर नौकरी दी है। यूनिवर्सिटी के कुलपति प्रो. करमजीत सिंह ने छात्रों और शिक्षकों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यूनिवर्सिटी सिर्फ डिग्री नहीं देती, बल्कि छात्रों को प्रोफेशनल जीवन के लिए तैयार करती है। कुलपति ने बताया कि हाल ही में केंद्र सरकार के संचार विभाग ने यूनिवर्सिटी में 5जी तकनीक पर आधारित लैब स्थापित की है।


