13 साल बाद छत्तीसगढ़ में लौटेगा IPL:रायपुर में पहली बार होंगे IPL के दो मुकाबले, CM साय ने की अधिकारिक घोषणा

वनडे और टी-20 मैचों के बाद अब रायपुर क्रिकेट प्रेमियों के लिए एक और बड़ी खुशखबरी है। राजधानी रायपुर में पहली बार इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के दो मुकाबले खेले जाएंगे। इसकी आधिकारिक घोषणा मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कर दी है। मुख्यमंत्री साय ने बताया कि उनकी रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के सीईओ से मुलाकात हुई है, जिसमें रायपुर में दो IPL मैच कराने पर सहमति बन गई है। इसके साथ ही अब तक चल रही अटकलों पर विराम लग गया है और यह लगभग तय हो गया है कि 13 साल बाद छत्तीसगढ़ में IPL का रोमांच फिर से देखने को मिलेगा। RCB मैनेजमेंट कर चुका है मैदान का निरीक्षण सूत्रों के मुताबिक, RCB टीम मैनेजमेंट पहले ही रायपुर के मैदान का निरीक्षण कर चुका है। इस संबंध में छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ से भी बातचीत पूरी हो चुकी है। अब मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद आयोजन को लेकर तैयारियां तेज होने की उम्मीद है। 2013 में हुआ था आखिरी IPL मैच गौरतलब है कि रायपुर में आखिरी बार 2013 में IPL मुकाबला खेला गया था। तब दिल्ली कैपिटल्स और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच मैच हुआ था। इसके बाद से ही छत्तीसगढ़ के क्रिकेट फैंस IPL की वापसी का इंतजार कर रहे थे। BCCI के अधीन स्टेडियम, सभी सुविधाओं से लैस अब रायपुर का शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम पूरी तरह बीसीसीआई के अधीन है और अंतरराष्ट्रीय मानकों की सभी सुविधाओं से लैस है। ऐसे में न सिर्फ IPL मुकाबलों का आयोजन संभव हुआ है, बल्कि बड़े सितारों के खेलने की संभावना भी बढ़ गई है। विराट कोहली को एक्शन में देखने की उम्मीद RCB के मैच रायपुर में होने की स्थिति में क्रिकेट प्रेमियों को विराट कोहली समेत पूरी टीम को एक्शन में देखने का मौका मिल सकता है। यही वजह है कि इस घोषणा के बाद से ही शहर में IPL को लेकर उत्साह चरम पर है। कुल मिलाकर, मुख्यमंत्री के ऐलान के साथ यह तय माना जा रहा है कि रायपुर एक बार फिर देश के बड़े क्रिकेट आयोजनों के नक्शे पर मजबूती से उभरेगा और छत्तीसगढ़ के फैंस को IPL का लाइव रोमांच नसीब होगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *